विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'IPS कुंदन कृष्णन को ट्रेनिंग दिलाएं', CM सम्राट चौधरी को पत्र ल‍िख RJD सांसद ने की मांग

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:16 PM (IST)

राजद सांसद सुधाकर सिंह ने डीजी कुंदन कृष्णन द्वारा भेजे गए मानहानि नोटिस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को खुला पत्र ...और पढ़ें

राजद सांसद सुधाकर स‍िंंह का डीजी कुंदन कृष्‍णन पर तंज। फाइल

राजद सांसद सुधाकर स‍िंंह का डीजी कुंदन कृष्‍णन पर तंज। फाइल

HighLights

  1. सुधाकर सिंह ने डीजी कुंदन कृष्णन के मानहानि नोटिस पर सवाल उठाए।

  2. सरकारी काम में मुकदमे से पहले अनुमति पर प्रश्नचिह्न लगाया।

  3. मुख्यमंत्री से अधिकारियों को संवेदनशील व्यवहार का प्रशिक्षण देने की मांग।

राज्य ब्यूरो, पटना। डीजी कुंदन कृष्णन द्वारा पांच करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजे जाने पर राजद सांसद सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को खुला पत्र लिखा है।

उन्होंने पूछा कि सरकारी काम से जुड़े मामले में मुकदमे से पहले सरकार की अनुमति ली गई थी या नहीं। नियमों का हवाला देते हुए कहा है कि ऐसे मामले में सरकार की पूर्व स्वीकृति आवश्यक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यकता पड़ने पर कुंदन कृष्णन को नियमों का प्रशिक्षण दिलाने का आग्रह किया।

'डीएसपी ने सांसद को दी थी धमकी' 

सुधाकर ने आरोप लगाया है कि जन-प्रतिनिधियों और जनता के प्रति अधिकारी अहंकारपूर्ण रवैया अपनाते हैं। डेढ़ वर्ष पहले दीपक कुमार से संबंधित प्रेस-वार्ता के बाद कुंदन कृष्णन के अधीनस्थ डीएसपी ने उन्हें और उनके भाई को परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इससे अवगत कराया गया। भारत भूषण तिवारी की हत्या के मामले में पुलिस की भूमिका की न्यायिक जांच का उल्लेख करते हुए सुधाकर ने लिखा है कि उस समय कृष्णन बिहार एसटीएफ के डीजी थे, इसलिए उनकी भूमिका पर प्रश्न स्वाभाविक है।

'जनता से संवेदनशील व्‍यवहार करें डीएम-एसपी'

इसी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री से डीएम-एसपी को जनता से संवेदनशील व्यवहार करने का निर्देश देने की अपील की है। ऐसा होने पर कुंदन कृष्णन जैसे अधिकारी होने से बच जाएंगे।

लिखा है कि इस लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करना हम सबका दायित्व है, इसलिए मैं समय-समय पर उद्दंड अधिकारियों को आईना दिखाता रहूंगा।