RJD विधायक भाई वीरेंद्र को नहीं मिला वेतन, बोले-सरकार का खजाना खाली, नीतीश-निशांत को किया सचेत
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बिहार सरकार पर विकास का ढिंढोरा पीटने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार का खजाना खाली है।

पटना में पत्रकारों से बात करते भाई वीरेंद्र। वीडियो ग्रैब
HighLights
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बिहार सरकार पर साधा निशाना।
विधायकों को समय पर वेतन न मिलने का आरोप लगाया।
भ्रष्टाचार और डस्टबिन घोटाले का भी किया जिक्र।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में विकास और सरकार के खजाने को लेकर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार विकास का ढिंढोरा पीट रही है, वहीं दूसरी ओर स्थिति यह है कि विधायकों को भी समय पर वेतन नहीं मिल रहा है।
सड़क निर्माण के लिए विभाग के वरीय अधिकारी से बात करने पर उन्हें जवाब मिला कि पैसे नहीं हैं। भाई वीरेंद्र ने कहा कि उन्हें अभी तक पिछले महीने का वेतन नहीं मिला है।
उन्होंने दावा किया कि जिस सड़क के निर्माण और मरम्मत को लेकर उन्होंने विभाग के वरीय अधिकारी से फोन पर बात की, वहां भी अधिकारियों ने पैसे की कमी का हवाला दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन दूसरी ओर भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोप सामने आ रहे हैं।
'ठेकेदारों से मांगा जा रहा कमीशन'
राजद विधायक ने डस्टबिन घोटाले का जिक्र करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों और संवेदकों से कमीशन मांगा जा रहा है।
इसी वजह से कई ठेकेदार काम नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संवेदक और एजेंसियों से मंत्री स्तर तक पैसे मांगे जा रहे हैं।
भाई वीरेंद्र ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस मामले का संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री और अधिकारी कमीशन मांग रहे हैं तो इससे सरकार की बदनामी हो रही है।
उन्होंने सम्राट चौधरी को संबोधित करते हुए कहा कि आपके मंत्री कमीशन मांग रहे हैं और इससे आपकी बदनामी हो रही है।
'विकास का ढिंढोरा पीटा जा रहा, पैसे नहीं'
भाई वीरेंद्र ने कहा कि सरकार विकास की बातें कर रही है, लेकिन जमीनी स्थिति अलग है। उन्होंने कहा कि सड़कें जर्जर हैं और मरम्मत के लिए विभाग के अधिकारियों से बात करने पर पैसे नहीं होने की बात कही जाती है।
उन्होंने कहा, विकास का ढिंढोरा पीटा जा रहा है, लेकिन पैसे हैं ही नहीं। वेतन देने के अलावा कोई पैसा नहीं है।
जदयू के भविष्य पर भी साधा निशाना
राजद विधायक ने इस दौरान जदयू में चल रही राजनीतिक हलचल पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह पहले ही कह चुके हैं कि भविष्य में जदयू नाम की पार्टी नहीं रहेगी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने नीतीश कुमार को पहले ही सचेत किया था।
भाई वीरेंद्र ने कहा कि जिस तरह पहले पहरेदार रात में लोगों को जागने के लिए सचेत करते थे, उसी तरह वह नीतीश कुमार और निशांत कुमार को आगाह कर रहे हैं। उन्होंने कहा, पलीते में आग लगा दी गई है। अब बचा लीजिए, कैसे बचाएंगे अपनी पार्टी को।
प्रशांत किशोर की चुनौती पर बोले- वीडियो जारी कर दें
प्रशांत किशोर की उस मांग पर भी भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि नीतीश कुमार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में वीडियो जारी कर दें तो जन सुराज अपना प्रत्याशी वापस ले लेगा। इस पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि नीतीश कुमार को वीडियो जारी कर देना चाहिए।
भाजपा पर लोकतंत्र खत्म करने की साजिश का आरोप
भाई वीरेंद्र ने भाजपा पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार स्वतंत्रता आंदोलन और लोकतंत्र की जननी रहा है, लेकिन भाजपा बिहार से ही लोकतंत्र को समाप्त करने की साजिश रच रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोकतंत्र के कथित हत्यारे को फांसी के तख्ते पर चढ़ाने जैसी कड़ी टिप्पणी भी की।
