विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'लालू जी को सरकार परेशान कर रही है', RJD विधायक का बड़ा आरोप, बोले- वे बाबा साहेब की तरह याद किए जाएंगे

Published: Sat, 18 Jul 2026 12:47 PM (GMT+05:30)

लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना से दिल्ली एम्स रेफर किया गया है। राजद विधायक भाई ...और पढ़ें

लालू प्रसाद की सेहत को लेकर सरकार पर हमला। फाइल

लालू प्रसाद की सेहत को लेकर सरकार पर हमला। फाइल

HighLights

  1. लालू प्रसाद की तबीयत बिगड़ी, पटना से दिल्ली एम्स रेफर।

  2. राजद विधायक ने सरकार पर लालू को परेशान करने का आरोप।

  3. लालू प्रसाद को सामाजिक न्याय का जीवट इंसान बताया।

डिजिटल डेस्क, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ने के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

उन्हें इलाज के लिए पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स, नई दिल्ली ले जाने की सलाह दी।

इस बीच राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने लालू प्रसाद की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद की उम्र अब 79 वर्ष हो चुकी है और वह कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, लेकिन उनके हौसले आज भी मजबूत हैं।

'लालू जी जीवट वाले इंसान हैं'

मीडिया से बातचीत में भाई वीरेंद्र ने कहा कि लालू प्रसाद ने कठिन स्वास्थ्य परिस्थितियों का भी मजबूती से सामना किया है।

उन्होंने कहा, किडनी ट्रांसप्लांट कराने वाले कई लोग अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन लालू जी आज भी मजबूती से खड़े हैं। करोड़ों लोगों की दुआएं उनके साथ हैं। वे जीवट वाले इंसान हैं।

'सरकार उन्हें लगातार परेशान कर रही है'

राजद विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार लालू प्रसाद को लगातार परेशान करती रही है। उन्होंने कहा,  जो व्यक्ति अन्याय के खिलाफ लड़ता है, समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है और सामाजिक न्याय की बात करता है, उसे सरकार किसी न किसी मामले में फंसाने का काम करती रहती है। 

भाई वीरेंद्र ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है और पुलिस की मिलीभगत से गंभीर घटनाएं हो रही हैं।

'लालू प्रसाद एक विचार हैं'

भाई वीरेंद्र ने लालू प्रसाद को केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक विचार बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचार और संविधान आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं, लोग राजनीत‍ि करते हैं। 

ठीक उसी प्रकार लालू प्रसाद के सामाजिक न्याय और समानता के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी लालू प्रसाद को उनके विचारों और सामाजिक बदलाव के लिए किए गए कार्यों के कारण याद किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- लालू यादव की तबीयत बिगड़ी, पटना के IGIMS में जांच के बाद AIIMS दिल्ली रेफर