नीतीश के साथ गठबंधन की अटकलों पर तेजस्वी का बड़ा बयान, लंदन से लौटते ही भाजपा के खिलाफ खोला मोर्चा
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को लंदन से लौट आए। वापस आते ही उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नीतीश के साथ सरकार बनाए जाने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि यह काल्पनिक बातें हैं।
जागरण टीम, पटना। लंदन से लौटे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को लालू प्रसाद यादव के ठिकानों पर की गई छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कहा कि सीबीआइ, ईडी और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का सरकार नजायज इस्तेमाल कर रही है। जब तक संवैधानिक एजेंसियां यूज होती रहेंगी तब तक छापेमारी होती रहेगी। बिहार की राजनीतिक हलचल और नीतीश कुमार के साथ गठबंधन पर भी लगाई जा रही अटकलों पर विराम लगाया। नीतीश के साथ सरकार बनाए जाने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि यह काल्पनिक बातें हैं। हम तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मिलने गए थे तो क्या उनके साथ गठबंधन कर लेते। राजद के राज्यसभा उम्मीदवार पर तेजस्वी ने कहा कि उम्मीद है कि शुक्रवार तक लालू प्रसाद यादव प्रत्याशी का ऐलान कर देंगे।
मारने दीजिए छापा, छापे से क्या होता है
तेजस्वी ने कहा कि हम विपक्ष में हैं इस लिए हमारे यहां छापे पड़ रहे हैं। हमें परेशान किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इतना भ्रष्टाचार हो रहा है कि हिसाब नहीं मिल रहा। सरकार में बैठे लोग जिनकी वजह से कितने मालामाल हो गए उनपर किसी की नजर नहीं पड़ रही। उन्होंने कहा कि ऐसा काम वही लोग करते हैं जो कायर और डरपोक होते हैं। मारने दीजिए छापा, छापे से क्या होता है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार की जनता ने तो ऐसा छापा मारा था कि लोग बेईमानी पर उतर आए। राज्य की जनता ने जवाब पहले भी दिया है और आगे भी देगी। तेजस्वी ने कहा कि सीबीआइ के मामले में मेरा बोलना तो ठीक नहीं है मगर इतना जरूर कहना चाहूंगा कि जिस मामले में रेड पड़ी इसकी जांच पहले भी हुई मगर कुछ नहीं मिला। तेजस्वी ने कहा कि जिस लालू प्रसाद यादव ने रेलवे को मुनाफा कराया आज उसी को सरकार ने बेच दिया।