राजद नेता शिवानंद तिवारी ने कहा-केंद्र में डींग हाकने वाली सरकार बैठी है
राजद नेता शिवानंद तिवारी ने भारतीय जनता पार्टी को कोसते हुए कहा कि दिल्ली में डींग हांकने वाली सरकार बैठी है। वह सिर्फ बड़ी बड़ी बातें करती है।
पटना [जेएनएन]। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने भाजपा पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने बुधवार को अपने प्रेस बयान में कहा कि डॉक्टर लोहिया आज होते तो भाजपा हटाओ मुहिम का नेतृत्व कर रहे होते। 'काग्रेस हटाओ' का नारा उस समय लगा था, जब देश की राजनीति पर काग्रेस आधिपत्य था। डरी हुई भाजपा आज उस काग्रेस का भय दिखा रही है, जिसके पास विरोधी दल की मान्यता प्राप्त करने लायक सासदों की संख्या भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमारे लोकतंत्र और संविधान के लिए गंभीर ख़तरा बन गई है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में देश से विपक्ष को ही मिटा देने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक आज देश में सुरक्षित नहीं है। आए दिन उन पर हमला हो रहा है।
शिवानंद तिवारी ने कहा कि संविधान की भावनाओं के विपरीत नागरिकों के बीच भेद-भाव किया जा रहा है। बैंकों का दीवाला निकलता दिखाई दे रहा है। जाति-धर्म से ऊपर उठकर जिन नौजवानों ने जान-प्राण लगाकर पिछले चुनाव में नरेंद्र मोदी का समर्थन किया था, आज वह अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। सीमा पर रोजाना हमारे सैनिक मारे जा रहे हैं। 'सर्जिकल स्ट्राइक' फर्जिकल स्ट्राइक साबित हुआ। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर नालायक साबित हुई है। यह काम करने वालों की नहीं सिर्फ डींग हाकने वालों की सरकार है। इनके हाथों में देश सुरक्षित नहीं है। इसलिए राजद संविधान, लोकतंत्र और देश को बचाने के लिए 'भाजपा भगाओ' के अभियान में पूरी तरह से जुटा हुआ है।