विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 21, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कई दिनों से गायब हैं तेजस्वी, मुजफ्फरपुर में लगा लापता का पोस्‍टर; पार्टी ने कही ये बात

By Kajal KumariEdited By:
Published: Fri, 21 Jun 2019 09:12 AM (GMT+05:30)Updated: Fri, 21 Jun 2019 11:52 PM (GMT+05:30)

राजद ने तेजस्वी यादव के गायब होने की कयासबाजी पर कहा है कि तेजस्वी कहीं गायब नहीं हैं। वो राजद ...और पढ़ें

कई दिनों से गायब हैं तेजस्वी, मुजफ्फरपुर में लगा लापता का पोस्‍टर; पार्टी ने कही ये बात
कई दिनों से गायब हैं तेजस्वी, मुजफ्फरपुर में लगा लापता का पोस्‍टर; पार्टी ने कही ये बात

 पटना, जेएनएन। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कहां हैं, ये प्रश्न इन दिनों बिहार के सियासी गलियारों से लेकर आम जनमानस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। तेजस्वी कहां हैं? इसका जवाब तलाशने की कोशिश हर कोई कर रहा है, तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कहीं से भी सटीक जवाब नहीं मिलने से संशय की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, अब राजद ने तेजस्वी के जल्द पटना आने की खबर दी है।

इधर मुजफ्फरपुर में तेजस्‍वी यादव के लापता होने के पोस्‍टर भी लग गए हैं। पोस्‍टर में एनाउंस भी किया गया है कि तेजस्‍वी यादव को ढूंढने वाले को 5100 रुपए को पुरस्‍कार दिया जाएगा। पोस्‍टर लगानेवाले ने अपना नाम तमन्‍ना हाश्‍मी लिखा है। पोस्‍टर के सबसे पहले 'लापता, लापता, लापता, लापता' लिखा हुआ है। नीचे यह भी लिखा हुआ है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद से लापता हैं। यह पोस्‍टर चर्चा का विषय बना हुआ है। 

उधर राजद विधायक शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि तेजस्वी यादव के गायब होने की जो बातें कही जा रही है, वह बिल्कुल गलत है। वे कहीं गायब नहीं हुए हैं, वो इसी देश में हैं और लगातार राज्य में हो रहे घटनाक्रम से अपडेट लेते रहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे नेता पर जो लापरवाही का इल्जाम लगाया जा रहा है वो सही नहीं है। वो प्रदेश और पार्टी के लिए काफी गंभीर हैं।

शक्ति सिंह यादव ने दावा किया है कि 28 जून को पटना में राष्ट्रीय जनता दल की बैठक है और उसमें तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में तेजस्वी पार्टी के लिए आगे की रणनीति को लेकर मंथन करेंगे और तय करेंगे कि किस तरह से जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी लोगों के बीच जाएगी।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी की गैरमौजूदगी में भी राजद पूरी गंभीरता से विपक्ष की भूमिका निभा रहा है। सरकार के विरोध में जगह-जगह प्रदर्शन और आंदोलन हो रहे हैं। चमकी बुखार का मामला हो या लू से मौत या फिर खराब कानून-व्यवस्था का मसला हो, हम लोग गंभीरता से प्रश्न उठा रहे हैं और सरकार को घेर रहे हैं।

शक्ति यादव ने कहा कि जिस तरह से चमकी बुखार से डेढ़ सौ से ज्यादा बच्चों की मौत हुई हैं और लू से करीब 200 लोगों ने जान गंवाई हैं, यह सीधे तौर पर सरकार की नाकामी को बताती है। बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गई है। जेडीयू और बीजेपी लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद लापरवाह हो गई है।

बता दें कि इससे पहले गुरुवार को राजद नेता मनोज झा ने भी कहा था कि तेजस्वी दिल्ली में हैं और मुजफ्फरपुर की घटना पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। इस मामले पर वो गंभीर हैं। 

इससे पहले राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा था कि तेजस्वी इंग्लैंड गए होंगे। वहां क्रिकेट का वर्ल्ड कप चल रहा है और वो मैच देख रहे होंगे। हालांकि, उन्होंने कहा था कि इस बारे में मुझे कुछ खास पता नहीं है। 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप