लोकसभा चुनाव: दुष्कर्म के सजायाफ्ता राजबल्लभ यादव की पत्नी को राजद ने दिया टिकट
बिहार में राजद ने दुष्कर्म मामले में सजायाफ्ता राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को टिकट दिया है। विभा देवी को राजद ने नवादा लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।
पटना [जेएनएन]। बिहार में राजद ने दुष्कर्म मामले में सजायाफ्ता राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को टिकट दिया है। विभा देवी को राजद ने नवादा लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। इसकी घोषणा रविवार को महागठबंधन के प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई। बता दें कि राजबल्लभ यादव 2015 में राजद के टिकट पर विधायक बना था, लेकिन सजा का ऐलान होने के बाद उसकी सदस्यता खत्म कर दी गई। विधानसभा का उपचुनाव भी लोकसभा चुनाव के साथ ही होगा। 11 अप्रैल को पहले चरण में वोटिंग होगी। वहीं विभा देवी राजनीति से अब तक दूर रही हैं।
राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी के नवादा लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाने की घोषणा पटना के होटल मौर्यालोक में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने की। मौके पर राजद के प्रवक्ता मनोज झा समेत कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा व महागठबंधन के अन्य नेता भी मौजूद थे।
बता दें कि नौ फरवरी 2016 को राजबल्लभ यादव ने एक नाबालिग लड़की को शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपियों में शामिल सुलेखा देवी ने बर्थ डे पार्टी के बहाने अनजान जगह पर ले जाकर उसे जबरन शराब पिलाई और फिर उसे राजबल्लभ के हवाले कर दिया। राजबल्लभ ने नाबालिग से दुष्कर्म किया था।
राजबल्लभ प्रसाद को आईपीसी की धारा 376 एवं पॉक्सो की धारा 4 व 8 के तहत दोषी करार दिया गया था। वहीं अभियुक्त सुलेखा देवी एवं राधा देवी को आपराधिक षड्यंत्र रचने के लिए व आईपीसी की धारा 109, 120बी एवं 376 के तहत तथा इमोरल ट्रेफिक एक्ट के तहत धारा 4 एवं 5 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 8 के तहत दोषी करार दिया गया था। इसके बाद एमपी-एमएलए कोर्ट ने 21 दिसंबर 18 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जबकि उसे पुलिस ने इस मामले में काफी पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उनकी विधायिकी भी खत्म कर दी गई।
इतना ही नहीं, नाबालिग से दुष्कर्म में उम्रकैद की सजा पाए पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव बेउर जेल में कैदी नंबर 10518 बन गया है। उम्रकैद की सजा पाने के बाद राजबल्लभ को पटना के बेउर जेल लाया गया। उसका वार्ड भी बदल कर जेनरल कर दिया गया है।