विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लालू–तेजस्वी की मांग दोहराई, RJD ने केंद्र पर उपेक्षा का आरोप लगाया; कहा-बिहार सबसे गरीब राज्य

Published: Sat, 31 Jan 2026 06:43 PM (GMT+05:30)

राजद ने आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट का हवाला देते हुए बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग दोहराई है। ...और पढ़ें

तेजस्‍वी यादव और लालू प्रसाद। फाइल फोटो

तेजस्‍वी यादव और लालू प्रसाद। फाइल फोटो

HighLights

  1. राजद ने बिहार के लिए विशेष राज्य का दर्जा मांगा।

  2. आर्थिक सर्वेक्षण ने बिहार को सबसे गरीब राज्य बताया।

  3. राज्य पर 3.5 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज है।

राज्य ब्यूरो, पटना। देश के आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट का हवाला देते हुए राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग एक बार फिर दोहराई है।

शनिवार को बयान जारी कर राजद के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि बिहार देश का सबसे गरीब राज्य है, जहां प्रति व्यक्ति आय 70,000 रुपये से भी कम है।

राज्य पर अभी 3.5 लाख करोड़ से अधिक कर्ज है। ऐसी स्थिति में बिहार को गरीबी से उबारने के लिए विशेष राज्य का दर्जा आवश्यक है।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव बिहार को उसका उचित अधिकार देने की मांग करते रहे हैं, पर केंद्र की एनडीए सरकार बिहार के साथ निरंतर अन्याय करती रही है।

पिछले बजट में बिहार के लिए की गई केंद्र की घोषणाएं भाषण तक ही सिमट कर रह गईं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कभी कहा था कि वे उसी गठबंधन को समर्थन देंगे, जो बिहार को विशेष दर्जा देगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इसका आश्वासन दिए थे। राजद को आशा है कि इस बार बिहार की चिर-प्रतीक्षित मांग पूरी होगी।

राजद ने बताया बिहार केसरी को आधुनिक बिहार का निर्माता

शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की पुण्यतिथि राजद ने प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू की अध्यक्षता में मनाई।

बिहार केसरी की उपाधि से ख्यात रहे श्रीकृष्ण सिंह के तैल-चित्र पर माल्यार्पण के बाद राजद नेताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की।

साहू ने कहा कि बिहार केसरी ने अपने व्यक्तित्व व कृतित्व से लंबी लकीर खींची। विरोध से बेपरवाह होकर अनुसूचित जाति के लोगों को लेकर मंदिर में प्रवेश किया।

समाज में बेहतर वातावरण के निर्माण के लिए वे सदैव सक्रिय रहे। वे आधुनिक बिहार के निर्माता थे। उदय नारायण चौधरी, भोला यादव, अलख निरंजन उर्फ बीनू यादव, शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, अरुण कुमार यादव, मो. फैयाज आलम कमाल, भाई अरुण, कुमर राय, गणेश कुमार यादव आदि ने श्रद्धांजलि दी।