बिहार में नोटबंदी के खिलाफ राजद-कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
नोटबंदी के खिलाफ राजद-कांग्रेस पूरे बिहार में जोरदार प्रदर्शन किया, लेकिन इस आयोजन में राजद नेता तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव शामिल नहीं हुए।
पटना [राज्य ब्यूरो]। नोटबंदी का एक वर्ष पूरा होने पर राजद-कांग्रेस समेत छह प्रमुख विपक्षी दलों ने बुधवार को काला दिवस मनाया और केंद्र की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। पटना के साथ ही सभी जिला मुख्यालयों पर हुए प्रदर्शन के दौरान जगह-जगह प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया और विरोध मार्च निकाला गया। हालांकि, तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव आयोजन में शामिल नहीं हुए।
पटना में गांधी मैदान के निकट स्थित जेपी गोलंबर पर राजद-कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस के साथ ही शरद यादव गुट के नेताओं ने पीएम मोदी का पुतला फूंका और कारगिल चौक तक विरोध मार्च किया।
वामदलों और आम आदमी पार्टी ने विपक्ष के इस आयोजन से दूरी बनाकर रखी। इन दोनों दलों ने अलग से नोटबंदी का विरोध किया। कांग्रेस ने देर शाम नोटबंदी की वजह से मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए पटना समेत सभी जिला मुख्यालयों पर कैंडल मार्च भी निकाला।
जेपी गोलंबर पर नेताओं ने एक आमसभा की और केंद्र सरकार पर अपनी भड़ास जमकर निकाली। नेताओं ने कहा कि नोटबंदी की वजह से जीडीपी दो फीसद घट गया गया है। देश के आर्थिक प्रबंधन को बड़ा झटका लगा है। लाखों-लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं। छोटे और मंझोले उद्योग धंधे तो लगभग ठप ही पड़ गए हैं। किसान-मजदूरों की बदहाली बढ़ी है साथ ही देश में रोजगार तैंतीस फीसद घट गए हैं।
विरोध मार्च में कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी, सदानंद सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. मदन मोहन झा, रामदेव राय, विजय शंकर दुबे, अमिता भूषण भावना झा, पूनम पासवान, राजेश राम, राजद के रामचंद्र पूर्वे, भाई वीरेंद्र, देवमुनि सिंह यादव, माहताब आलम, निराला यादव, समाजवादी पार्टी के देवेंद्र कुमार, शरद गुट के रमई राम, राकांपा के राणा रणवीर सिंह, शकील अहमद, हेमंत कुमार के साथ ही दूसरे कई नेता शामिल रहे।
इधर युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने भी नोटबंदी के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष कुमार आशीष के नेतृत्व में बोङ्क्षरग रोड पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस ने अर्थ व्यवस्था को व्हीलचेयर पर बैठा दिखाकर प्रदर्शन किया।
संयुक्त विपक्ष के इसी प्रदर्शन के बीच विभिन्न वामदलों और आम आदमी पार्टी ने भी कारगिल चौक पर नोटबंदी के खिलाफ प्रदर्शन किया। वाम नेताओं ने कारगिल चौक के निकट विरोध मार्च का आयोजन किया। इसका नेतृत्व नगर सचिव अभ्युदय ने किया। इस दौरान मुर्तजा अली, अशोक कुमार समेत दूसरे कई वाम नेता मौजूद रहे।