10 नवंबर के पहले आ जाएगा फॉरेस्ट गार्ड का परिणाम
फॉरेस्ट गार्ड का परिणाम 10 नवंबर तक आ जाएगा।
पटना । फॉरेस्ट गार्ड का परिणाम 10 नवंबर तक आ जाएगा। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष केएस द्विवेदी ने बताया कि 21 तक मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उसके 20 दिनों के अंदर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। राज्य में 902 फॉरेस्ट गार्ड की नियुक्ति होनी है।
फॉरेस्ट गार्ड की दौड़ प्रतियोगिता तीन दिनों तक चली थी। शनिवार को उद्यान आम दर्शकों के लिए खोल दिया गया। सिर्फ झील की तरफ बंद रखा गया। बचे हुए 87 अभ्यर्थियों की दौड़ प्रक्रिया पूरी की गई।
दौड़ को लेकर अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया था। पहले सभी प्रतिभागियों के अंगूठे व अंगुलियों का निशान लिया गया। प्रतिभागियों को चिप लगी जैकेट पहनकर दौड़ में शामिल होना था। चिड़ियाघर की कैंटीन के सामने लगी सेंसर चिप के माध्यम से प्रतिभागियों द्वारा दौड़ में लिए गए समय की गणना की गई। सभी महिलाओं ने चार घंटे के अधिकतम समयसीमा में 14 किमी की दूरी तय की। हालांकि लंबाई के मानक में बड़ी संख्या में महिलाएं छंट गई। कंप्यूटर से ऑनलाइन हाइट की जांच की गई। फीता लगाते ही कंप्यूटर में ऊंचाई ऑटोमेटिक दर्ज हो जा रही थी। जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही। पुरुषों को चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिलाओं को चार घंटे में 14 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी। 315 महिलाओं का चयन होना है। 131 प्रतिभागी अंगुलियों के निशान मैच नहीं करने के कारण जांच के घेरे में हैं। फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए ये मामले भेजे गए हैं। सभी की लिखावट के नमूने लिए गए हैं। सत्यापन का कार्य चल रहा है।