राबड़ी को खत का मिला जवाब, जदयू नेत्रियों ने कहा- लालू की हालत के लिए आप भी जिम्मेदार
जनता के नाम राबड़ी देवी द्वारा शनिवार को जारी भावनात्मक पत्र पर रविवार को पलटवार किया गया है। जदयू महिला प्रवक्ताओं ने लालू की हालत पर राबड़ी को दोषी ठहराया गया है।
पटना, जेएनएन। राज्य की जनता के नाम पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा शनिवार को जारी भावनात्मक पत्र के जवाब में रविवार को जदयू की महिला प्रवक्ताओं ने खुला खत लिखा है। इसमें अंजुम आरा, डॉ. सुहेली मेहता और श्वेता विश्वास ने लालू प्रसाद के हालात के लिए राबड़ी को भी जिम्मेदार ठहराया है। कहा है कि आपके पति देश की अदालत और संवैधानिक प्रावधानों के मुताबित सजा काट रहे हैं। उन्होंने सरकारी राशि का घोटाला करने का दोषी पाया गया है, इसलिए लालू इस वक्त जेल में हैं, ना कि स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई या अल्पसंख्यकों व सामाजिक न्याय की लड़ाई लडऩे के कारण जेल गए हैं।
खत लिखने से नहीं बढ़ेगी मतों की संख्या
प्रवक्ताओं ने कहा कि एक महिला के दर्द को समझा जा सकता है। लालू प्रसाद भले ही आपके पति हैं, परंतु देश की अदालत के लिए वे चारा घोटाले के मामले में दोषी और भ्रष्टाचारी हैं। जदयू नेत्रियों ने कहा कि राबड़ी देवी के पत्र लिखने से उनके गठबंधन के पक्ष में मतों की संख्या नहीं बढ़ेगी।
सत्ता के लिए कांग्रेस से मिलाया हाथ
नेत्रियों ने कहा कि लालू के इस हालात के लिए राबड़ी भी कम दोषी नहीं हैं। अगर पत्नी धर्म निभाया होता तो उसी समय अपने पति को सरकारी राशि की लूट करने और अवैध संपत्ति बनाने से रोकती तो ऐसे हालात ही नहीं आते। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा दुर्भाग्य ये है कि इतना कुछ होने के बावजूद भी आप सत्ता की खातिर उसी पार्टी के साथ हैं, जिस कांग्रेस नीत संप्रग के शासनकाल में आपके पति पर चारा घोटाले का मामला दर्ज हुआ था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप