पीएम मोदी की जीत का कारवां नहीं रोक सकते हारे और थके हुए लोग: रविशंकर
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भयभीत, हताश, निराश, हारे हुए और थके हुए लोग पीएम मोदी का कारवां नहीं रोक सकते। जनता ने एक बार फिर मोदी सरकार बनाने का संकल्प लिया है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों से भयभीत, हताश, निराश, हारे हुए और थके हुए लोग एकजुट होने के बावजूद हमारी जीत को नहीं रोक सकते। भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर ज्ञान भवन में प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन और प्रधानमंत्री के मन की बात सुनने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रविवार को यह बात कही।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी, भाजपा और एनडीए आज देश की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस पर देर रात सुप्रीम कोर्ट खुलवाने, बंद लोया केस में बार-बार मर्यादा भूलकर राजनीति करने को लेकर हमला बोला। रविशंकर ने कहा कि हम यह नहीं कहते कि देश में सब ठीक हो गया है, लेकिन भारत ठीक होने की राह पर है। चार साल में दिल्ली के दरबार में दलालों का आना बंद हो गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मनमोहन सिंह का आधार निराधार था और नरेंद्र मोदी के आधार कानून है। ड्राइविंग लाइसेंस से आधार को जोडऩे की तैयारी है। बैंक खातों और मोबाइल को आधार से जोड़कर तीन लाख 80 हजार करोड़ ट्रांसफर होने से 90 हजार करोड़ की बचत हुई। दुनिया आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व क्षमता का लोहा मान रही है।
जेल में हैं मां की ममता से घोटाला करने वाले
बिहार भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने पूर्ववर्ती कांग्रेस और राजद सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि नेहरू को पीएम बनाने के लिए कांग्रेस ने देश का बंटवारा कर दिया। इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र की हत्या की। ऐसे दलों का साथ लिया, जो परिवारवाद के पोषक हैं। उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के भ्रष्टाचार का उल्लेख करते हुए उनपर प्रहार किया।
राय ने बाढ़ घोटाला, मॉल घोटाला, मिट्टी घोटाला और अलकतरा घोटाला समेत लालू-राबड़ी सरकार के बिहार में हुए तमाम घोटाले गिनाए। बाढ़ घोटाला का जिक्र करते हुए कहा कि गुजरात से अमूल दूध मंगाने में करोड़ों रुपये के वारे-न्यारे किए गए। घोटाला कर मां की ममता का गला घोंट दिया। यही वजह है कि लालू को एक साथ न्यायपालिका, विधायिका और कार्यपालिका ने सजा दी और आज सत्ता से बाहर हैं। लालू को अगर परिवार के 40 सदस्य मिलें तो सभी को लोकसभा टिकट दे दें।
केंद्रीय राज्यमंत्री रामकृपाल यादव, राज्य सरकार के मंत्री नंदकिशोर यादव, डॉ प्रेम कुमार, विनोद नारायण झा, मंगल पांडेय, सांसद डॉ. सीपी ठाकुर, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, नितिन नवीन व संजीव चौरसिया, विधान पार्षद संजय पासवान ने भी इस कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीताराम पांडेय ने किया।