डिजिटल गवर्नेंस के 100 प्रभावी लोगों में मंत्री रविशंकर प्रसाद को मिली जगह, लिस्ट में एकमात्र भारतीय
भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को ब्रिटेन की गैरसरकारी संस्था ए-पॉलिटिकल ने दुनिया के सौ प्रभावशाली लोगों में शामिल किया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
पटना, जेएनएन। बिहार को एक और उपलब्धि मिली है। यह उपलब्धि बिहार के भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को मिली है। डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में दुनिया के 100 सबसे प्रभावी लोगों में केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी, संचार और कानून व न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद को स्थान मिला है। सूची में वे एकमात्र भारतीय हैं। यह सूची ब्रिटेन की गैर सरकारी संस्था ए-पॉलिटिकल ने जारी की है।
पटना साहिब के सांसद को डिजिटल क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने की दिशा में काम करने के लिए यह सम्मान दिया गया है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इस बाबत खुशी प्रकट करते हुए कहा कि यह सफलता भारत की टेक्नोलॉजी, जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से मिली है। इससे हमारा देश और अधिक गौरवान्वित होगा। भारत का कद विदेशों में और अधिक ऊंचा होगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अहम भूमिका निभाई है। डिजिटल इंडिया के तहत आम जनता को डिजिटल सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इससे लोगों को फायदा हो रहा है। उन्होंने बताया कि ए-पॉलिटिकल की वेबसाइट पर भी उनके प्रयासों की सराहना की गई है।
गौरतलब है कि जिस संस्था ने यी सूची जारी की है, उसके सदस्यों में जाने-माने उद्यमी, लेखक, नीति निर्धारक, टेक्नोलोजी विशेषज्ञ, हार्वर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आदि हैं।