रामविलास ने सीएम नीतीश को दी बधाई, कहा- अब हुआ नेचुरल अलायंस
लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने सीएम नीतीश को बहुमत साबित करने पर बधाई दी। कहा कि पहले जदयू की बेमेल जोड़ी थी, अब नैचुरल अलायंस हुआ है।
पटना [जेएनएन]। लोजपा प्रमुख सह केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने सदन में बहुमत हासिल करने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी है। कहा कि राजद और कांगे्रस का गठबंधन बेमेल था। अब नेचुरल एलायंस बना है। नई सरकार कार्यकाल पूरा करेगी और केन्द्र सरकार के सहयोग से बिहार में विकास की गंगा बहेगी।
शुक्रवार को पासवान ने पत्रकारों से कहा कि अहंकार मनुष्य के विनाश का सबसे बड़ा कारण होता है। अहंकार और हुल्लड़पन राजद प्रमुख लालू प्रसाद के पतन का सबसे बड़ा कारण है। लालू का पतन 2005 से ही शुरू होने लगा था।
इसके बाद भी उन्होंने अहंकार और हुल्लड़पन को नहीं छोड़ा। उनका मानना था कि हो- हंगामा के बल पर सत्ता प्राप्त की जा सकती है। अपनी इसी आदत के कारण वे सत्ता से बाहर हो गए। नीतीश पर जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाने वाले राजद नेता किस मुंह से ऐसी बात कर रहे हैं। क्या जनता ने उनको विकास के स्थान पर करोड़ों रुपये का घोटाला करने के लिए जनादेश दिया था।
महागठबंधन सरकार बनने के समय मैंने इसके ढाई साल से अधिक नहीं चलने की बात कही थी। क्योंकि, भ्रष्टाचार एवं सुशासन एक साथ चल ही नहीं सकता है। मेरी बात का राजद प्रमुख ने मुझको मौसम वैज्ञानिक कह कर मजाक उड़ाया था। महागठबंधन में नीतीश कुमार असहज महसूस कर रहे थे क्योंकि, विकास का काम पूरी तरह से ठप हो गया था। नीतीश ने ऐसा मास्टर स्ट्रोक चलाया कि लालू को संभलने का मौका तक नहीं मिल सका।
पत्रकारों को संबोधित करने के बाद लोजपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर उनको बधाई दी। देर शाम को रामविलास से आवास पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यांनद राय, नंदकिशोर यादव ने मुलाकात की।