PM मोदी कैबिनेट के लिए रामविलास पासवान का नाम तय, बिहार से जाएंगे राज्यसभा
केंद्र की मोदी सरकार में एलजेपी से रामविलास पासवान मंत्री बनेंगे। पार्टी ने उनका नाम तय कर दिया है। केंद्र सरकार में जेडीयू से भी कुछ मंत्रियों का शामिल होना तय माना जा रहा है।
पटना [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में अब मंत्रिमंडल के गठन की कवायद तेज है। इस बीच एनडीए के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) ने कहा है कि सुप्रीमो रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) ही पार्टी के कोटे से मंत्री बनेंगे। साथ ही वे बिहार से राज्यसभा जाएंगे। केंद्रीय मंत्रिमंडल में जनता दल यूनाइटेड (JDU) से भी कुछ मंत्री शामिल किए जा सकते हैं।
विदित हो कि लोकसभा चुनाव में रामविलास पासवान की पार्टी (एलजेपी) ने छह सीटों पर चुनाव लड़ा था। उसने सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद एलजेपी अध्यक्ष राम विलास पासवान ने कहा था कि उनकी पार्टी चिराग पासवान को मंत्री बनाना चाहती है। लेकिन अब खुद राम विलास पासवान के मंत्री बनाए जाने की बात सामने आई है।
पासवान का कैबिनेट मंत्री बनाना तय
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रियों को लेकर अटकलों के बीच एलजेपी ने अपने कोटे से पार्टी सुप्रीमो राम विलास पासवान का नाम तय कर दिया है। राम विलास पासवान वर्तमान केंद्र सरकार में भी कैबिनेट मंत्री हैं, इसलिए उनका कैबिनेट मंत्री बनना तय माना जा रहा है। हालांकि, केंद्रीय मंत्रिमंडल कागठन प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार होता है।
बिहार से ही जाएंगे राज्यसभा
रामविलास पासवान बिहार से ही राज्यसभा जाएंगे। अब तक यह चर्चा थी कि बीजेपी उन्हें असम से राज्यसभा भेजेगी। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद उनकी राज्यसभा सीट खाली हो गई है। रविशंकर प्रसाद की खाली होने वाली सीट से ही रामविलास पासवान को राज्यसभा भेजा जाएगा। पासवान इसके लिए नामांकन मंगलवार को करेंगे।
जेडीयू से भी कुछ मंत्री होंगे शामिल
माना जा रहा है कि अगले मंत्रिमंडल में जेडीयू से भी कुछ मंत्री शामिल किए जाएंगे। पिछली सरकार में जेडीयू से केंद्रीय मंत्रिमंडल में एक भी मंत्री नहीं था। सोमवार को जेडीयू के ललन सिंह का विधान परिषद से इस्तीफे को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप