बिहार में कोरोना व बाढ़ की दोहरी मार, रामविलास पासवान ने कहा- दो-तीन महीने का राशन एक साथ दे नीतीश सरकार
बिहार कोरोना व बाढ़ के दोहरे संकट से जूझ रहा है। ऐसे में केंद्रीय खाद्य आपूर्ति व उपभोक्ता मंत्री रामविलास पासवान ने राज्य सरकार को दो-तीन तहीने का एकमुश्त राशन देने को कहा है।
पटना, जेएनएन। बिहार में कोरोना संक्रमण व बाढ़ की दोहरी मार (Double Attack of Corona and Flood) पड़ रही है। इससपर केंद्रीय खाद्य, आपूर्ति व उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) ने भरोसा दिलाया है कि बिहार के लोगों के लिए राशन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे पास अनाज की कमी नहीं है। हालांकि, राशन के वितरण की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। पासवान ने बिहार की नीतीश सरकार को सलाह दी है कि वह दो से तीन महीने का राशन एक साथ बांटे।
राज्य सरकार के पर है कि कितना अनाज देती है
रामविलास पासवान ने कहा कि हालात को देखते हुए राज्य सरकार को दो से तीन तहीने का राशन एक साथ देना चाहिए। इससे बाढ़ प्रभावित लोगों को काफी मदद मिलेगी। बाढ़ प्रभावित व्यक्ति राहत शिविर में या कहीं और सुरक्षित स्थान पर जाएगा तो उसे फायदा मिलेगा। अब यह राज्य सरकार के पर है कि वह कितना अनाज उठाती और क्या करती है।
एकमुश्त राशन देने से बाढ़ प्रभावितों को मिलेगी मदद
बिहार सहित कई राज्यों में बाढ़ ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में में केंद्र सरकार की तरफ से कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान शुरू की गई मुफ्त अनाज देने की योजना के तहत एकमुश्त राशन देना उनके लिए लाभदायक है।
कोरोना व बाढ़ से त्रस्त लोगों को मिलेगी राहत
विदित हो कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को दो रुपए प्रति किलो की दर से गेहूं और तीन रुपए प्रति किलो की दर से चावल पहले से ही दिया जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत इन 80 करोड़ लोगों को अलग से पांच किलो मुफ्त अनाज भी दिया जा रहा है। यह लाभ छठ महापर्व तक (नवंबर तक) दिया जाना है। रामविलास पासवान के अनुसार अगर राज्य सरकार दो से तीन महीने का पूरा अनाज एक साथ दे तो कोरोना और बाढ़ से त्रस्त लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी देखें: Assam Flood: पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए Priyanka Chopra और Nick Jonas, लोगों से भी की मदद की अपील