यूपी चुनाव से पहले चिराग पासवान की रणनीति, लखनऊ में मनेगी रामविलास पासवान की पुण्यतिथि, योगी-अखिलेश को न्योता
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। पार्टी 8 अक्टूबर को रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर लखनऊ में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करेगी।

लखनऊ में मनेगी रामविलास पासवान की पुण्यतिथि। फाइल
HighLights
रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर लखनऊ में विशेष कार्यक्रम।
योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव को कार्यक्रम में निमंत्रण।
पार्टी का लक्ष्य यूपी में अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाना।
डिजिटल डेस्क, पटना। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने का एलान कर चुकी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अब यूपी में संगठन की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में जुट गई है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के मार्गदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री व पार्टी संस्थापक रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर लखनऊ में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन के जरिए पार्टी यूपी में अपनी राजनीतिक मौजूदगी को भी मजबूत करने की तैयारी कर रही है। पार्टी के बिहार मीडिया प्रमुख निशांत मिश्रा ने यह जानकारी दी।
योगी और अखिलेश को भी आमंत्रण
उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के अवसर पर देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश संगठन की ओर से लखनऊ में विशेष कार्यक्रम होगा।
लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल के साथ ही विधानसभा में विपक्ष के नेता अखिलेश यादव को भी आमंत्रित किए जाने की तैयारी है।
पार्टी की ओर से अन्य प्रमुख नेताओं को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों की जिम्मेदारी यूपी प्रभारी और जमुई सांसद अरुण भारती के नेतृत्व में संभाली जा रही है।
पार्टी के बिहार मीडिया प्रमुख निशांत मिश्रा के अनुसार, बिहार से पार्टी के सांसद, विधायक और मंत्री भी लखनऊ में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
हाजीपुर और खगड़िया में भी होंगे कार्यक्रम
रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर बिहार में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें हाजीपुर और खगड़िया प्रमुख हैं।
हाजीपुर को रामविलास पासवान की कर्मभूमि, जबकि खगड़िया को उनकी जन्मभूमि के रूप में पार्टी विशेष महत्व दे रही है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, इन कार्यक्रमों के जरिए रामविलास पासवान के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया जाएगा। देशभर में पार्टी संगठन के स्तर पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है।
निशांत मिश्रा ने कहा कि रामविलास पासवान का पूरा जीवन गरीबों, वंचितों और शोषित वर्गों के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान की विचारधारा, संघर्ष और जनसेवा की विरासत को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है।
