Ram Vilas Paswan Death: बिहार से उठी राम विलास को भारत रत्न देने की मांग, मांझी ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र
हिंदुस्थानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने केंद्रीय मंत्री रहे रामविलास पासवान को भारत रत्न देने की मांग की है। मांझी ने कहा कि रामविलास पासवान दलितों एवं अभिवंचितों के लिए प्रेरणा स्रोत थे और हमेशा रहेंगे।
पटना, जेएनएन। हिंदुस्थानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने केंद्रीय मंत्री रहे रामविलास पासवान को भारत रत्न देने की मांग की है। वे शनिवार को पासवान के अंतिम दर्शन करने उनके एसके पुरी आवास पहुंचे थे। मांझी ने पासवान को श्रद्धांजलि देने के बाद मीडिया से कहा कि रामविलास पासवान दलितों एवं अभिवंचितों के लिए प्रेरणा स्रोत थे और हमेशा रहेंगे।
सरकारी आवास को स्मारक घोषित करने की मांग
उन्होंने कहा कि रेल मंत्री के रूप में रेलवे स्टेशनों पर काम कर रहे कुलियों को उन्होंने स्थायित्व प्रदान किया। पूर्व में किसी रेल मंत्री ने ऐसा नहीं किया था। देर शाम मांझी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को एक पत्र लिखा। जिसमें उन्होंने रामविलास पासवान को भारत रत्न देने और पासवान के दिल्ली के सरकारी आवास को स्मारक घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान के आवास को स्मारक घोषित करने से आने वाली पीढ़ी को उनके बारे में जानकारियां मिल सकेंगी और नई पीढ़ी उनके आदर्शों पर चलकर समाज को नई दिशा देगी।
बड़े पैमाने पर लोगों से जुड़े रहे : नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन से वह दुखी हैं। इधर कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। हम सबको लग रहा था कि वह स्वस्थ हो जाएंगे, किंतु वह चले गए। नीतीश ने कहा कि राम विलास ने युवावस्था से ही लोगों की सेवा की थी। बड़े पैमाने पर लोगों से जुड़े भी रहे। उन्होंने जो काम किया और जिस आत्मीयता से लोगों से जुड़े रहते थे, उससे लोग उन्हेंं हमेशा याद रखेंगे। एक दिन सबको जाना है, किंतु इस तरह जाने से दुख होना लाजिमी है।
निधन का समाचार सुन अति मर्माहत हूंः लालू
राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने रामविलास पासवान से अपना 45 साल का रिश्ता बता सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। लालू ने लिखा कि रामविलास भाई आप जल्दी चले गए। इससे ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूं। आपके असामयिक निधन का समाचार सुन कर अति मर्माहत हूं।