राजगीर-दानापुर मेमू ट्रेन के इंजन में शार्ट सर्किट से उठा धुआं, खुसरूपुर स्टेशन पर अफरातफरी Patna News
पटना के खुसरूपुर स्टेशन पर शुक्रवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब राजगीर-दानापुर मेमू ट्रेन में धुआं उठने लगा। आनन-फानन में रेल अधिकारियों ने पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
पटना, जेएनएन। राजधानी के खुसरूपुर स्टेशन पर शुक्रवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब राजगीर-दानापुर मेमू ट्रेन में धुआं उठने लगा। आनन-फानन में रेल विभाग सतर्क हो गया। तुरंत अधिकारियों ने ट्रेन के इंजन में हुए शार्ट सर्किट से हुई घटना पर काबू पा लिया। हादसे की वजह से 20 तक स्टेशन पर ट्रेन को रोकना पड़ा। घटना में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
राजगीर से चलकर पटना के दानापुर तक जाने वाली राजगीर दानापुर मेमू ट्रेन शुक्रवार की सुबह अपने निर्धारित समय से 8.02 मिनट पर खुसरूपुर स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन के रुकते ही दूसरे इंजन के पास की बोगी संख्या 40009 से धुआं उठने लगा। धुआं देखते ट्रेन से यात्री नीचे उतरने लगे। स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल हो गया। आननफानन में रेल अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई।
जानकारी पर रेल पोस्ट प्रभारी राधेश्याम सिंह दलबल पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया। उन्होंने बताया कि इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण धुआं उठने लगा। स्थिति पर काबू पा लिया गया है। इंजन में खराबी आने के कारण ट्रेन को 20 मिनट तक खुसरुपुर स्टेशन पर रोकना पड़ा। 8.25 मिनट पर वापस ट्रेन रवाना हुई।