यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Weather: पूरे प्रदेश में जमकर बरसे बदरा, आठ जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट; जानें अपने शहर का हाल
Bihar Weather राजधानी में गुरुवार को 26.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं पटना सहित 26 शहरों के अधिकतम तापमान ...और पढ़ें

HighLights
- बारिश से 26 शहरों का पारा लुढका
- 104.2 मिमी अररिया के रानीगंज में सर्वाधिक बारिश हुई
- 26.3 मिमी पटना में बारिश, आज कई जगह मेघ गर्जन का अलर्ट
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather: प्रदेशवासियों का अंतत: इंतजार खत्म हुआ और धरा की प्यास बुझाने को घनघटा टूट पड़ी। प्रदेश भर में मानसून की सक्रियता गुरुवार को बढ़ी तो राजधानी समेत प्रदेश के अन्य भागों में बदरा जमकर बरसे।
अररिया के रानीगंज में सर्वाधिक 104.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, राजधानी में 26.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पटना सहित 26 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।
पटना के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट के साथ 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, कटिहार, मधेपुरा, भागलपुर, बांका, खगड़िया जिले में भारी वर्षा जबकि सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
अगले तीन दिनों तक पटना समेत प्रदेश के शेष जिलों में हल्की वर्षा और एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी में सुबह से ही आंशिक बादल छाए रहे। दोपहर बाद हवा में तेजी आने के साथ वर्षा ने जोर पकड़ा।
बागमती का जलस्तर बढ़ा
प्रदेश में जमकर तो मुजफ्फरपुर शहर में कम वर्षा हुई। मुजफ्फरपुर में पिछले 24 घंटे में 5.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बागमती का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। ऐसा नेपाल में भारी वर्षा के कारण हुआ है। नदी खतरे के निशान 55 मीटर से 54.630 मीटर पर बह रही है।
घर के बाहर खेल रहे बच्चे समेत वज्रपात से आठ मरे
प्रदेश में वज्रपात की चपेट में आने से गुरुवार को आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में जमुई, मुंगेर, गया और खगड़िया के एक-एक और लखीसराय-शेखपुरा के दो-दो व्यक्ति शामिल हैं। इनमें तीन लोगों की जान खेत में काम करने के क्रम में व एक की मौत पशु चराने के दौरान हुई।
वहीं, जमुई में जिस बच्चे की मौत हुई वह उस समय घर के बाहर खेल रहा था। इसी तरह शेखपुरा में आठ वर्षीय बच्चा आकाशीय बिजली की चपेट में उस वक्त आ गया, जब वह अपने तीन मित्रों के साथ वर्षा में स्नान कर रहा था।
प्रदेश के इन शहरों में दर्ज की गई बारिश
- अररिया-104.2
- फारबिसगंज -39
- दरभंगा -28.2
- बांका -28.0
- जिरादेई -28.0
- पटना- 26.3
- शेखपुरा -23.5
- बेगूसराय -21.5
- वैशाली -21.5
- पूर्णिया -17.1
- गया -14.0
- मुजफ्फरपुर -13.0
- छपरा -8.9
- सुपौल -12.0
- डेहरी-5.0
- मोतिहारी -2.0
- जमुई -7.0
- औरंगाबाद -3.0
- खगड़िया -5.5
प्रमुख शहरों का तापमान
- पटना-29.4
- गया-29.4
- औरंगाबाद-30.8
- भागलपुर -32.2
- मुजफ्फरपुर-28.7
- नालंदा-26.2
- दरभंगा-27.4
- बांका-30.4
(अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस)
