ईसीआर में टिकट जांच में पकड़े गए 3.30 लाख रेल यात्री, बख्तियारपुर में एक ही दिन में 991 लोगों पर जुर्माना
Railway News सघन टिकट जांच में 3.30 लाख बेटिकट यात्री धराए पूर्व मध्य रेलवे में वसूला गया 20 करोड़ रुपए जुर्माना दानापुर डिवीजन में सबसे अधिक लोग पकड़े गए दानापुर मंडल के बख्तियारपुर स्टेशन पर चलाए गए अभियान में पकड़े गए 991 बेटिकट यात्री
जागरण संवाददाता, पटना। Indian Railway News: पूर्व मध्य रेल द्वारा बिना टिकट/उचित प्राधिकार की यात्रा पर रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों में अधिकारियों की अलग-अलग टीम बनाकर स्टेशन एवं ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान में मई माह में बगैर टिकट यात्रा 3.31 लाख लोगों को पकड़ा गया। पकड़े गए बेटिकट यात्रियों से जुर्माने के रूप में 19 करोड़ 90 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।
दानापुर मंडल में 87 हजार 898 लोगों को बिना टिकट/उचित प्राधिकार के पकड़ा गया जिनसे दंडस्वरूप 5.50 करोड़ वसूला गया। सोनपुर मंडल में 74,351 लोगों से 4.12 करोड़, डीडीयू में 48,425 लोगों से 2.91 करोड़, समस्तीपुर में 68,208 लोगों से 5.26 करोड़ तथा धनबाद मंडल में 52,110 लोगों से 2.12 करोड़ से अधिक की राशि वसूली गई।
वहीं, शुक्रवार को दानापुर मंडल के बख्तियारपुर स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट अनुराग मिश्र एवं सीआइटी मुख्यालय नरेश प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। सुबह से ही चल रहे इस अभियान में 991 यात्रियों को बगैर टिकट यात्रा करते पकड़ा गया। इन यात्रियों से 6,37,580 रुपये जुर्माना वसूला गया। जुर्माना ने देने पर 15 यात्रियों को जेल भेजा गया है। जांच अभियान में 31 टीटीई व आरपीएफ इंस्पेक्टर ज्योत्सना के साथ ही एक दर्जन से अधिक आरपीएफ जवानों को लगाया गया था।
वैक्यूम काटने वाले 89 लोग गिरफ्तार
जासं, पटना : वैक्यूम कर ट्रेनों को रोकना जुर्म है। इससे जहां ट्रेनों के परिचालन में दिक्कत आती है वहीं, देरी से यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके मद्देनजर रेलवे वैक्यूम कर ट्रेन रोकने वालों के खिलाफ अभियान चला रहा है। दानापुर मंडल के अंतर्गत विभिन्न रेल खंडों पर गत आठ दिनों में रेलवे सुरक्षा बल ने वैक्यूम कर ट्रेन रोकने के मामले में 89 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए लोगों से जुर्माना वसूला गया अथवा जेल भेजा गया। रेलवे प्रवक्ता ने बताया कि यात्री सुविधा एवं सुरक्षा दानापुर मंडल की प्राथमिकता है। लिहाजा वैक्यूम कर अवैध रूप से गाडिय़ों को रोकने से रेल परिचालन और समय पालन में कठिनाई होती है। इसको लेकर रेलवे सुरक्षा बल चौकस है। उन्होंने बताया कि गत 19 से 26 मई तक की गई कार्रवाई के दौरान रेलवे ने वैक्यूम काटने वाले 89 लोगों को दबोचा। उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई।