रेलवे जीएम ने लिया आरा जंक्शन का जायजा, मानसून से पहले योजनाओं काे पूरा करने का निर्देश
पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर (East Central Railway Hajipur) के जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी बुधवार को विशेष सैलून से आरा जंक्शन पहुंचे और अधूरे निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। उनके साथ दानापुर के डीआरएम सुनील कुमार भी थे। जीएम अपने कार्यकाल में तीसरी बार आरा आए थे।
आरा, जागरण। पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर (East Central Railway, Hajipur) के जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी (Railway GM Lalit Chandra Trivedy) बुधवार को विशेष सैलून से आरा जंक्शन (Ara Junction) पहुंचे और अधूरे निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। उनके साथ दानापुर के डीआरएम सुनील कुमार (Danapur DRM Sunil Kumar) भी थे। जीएम अपने कार्यकाल में तीसरी बार आरा आए थे। इस दौरान उन्होंने अधूरे पड़े निर्माण कार्य को मानसून के पहले हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिए। रेलवे जीएम करीब साढ़े नौ बजे यहां पहुंचे। इस दौरान आगमन को लेकर रेलवे अफसरों में अफरातफरी मची रही।
गरुड़ सैलून से पहुंचे थे आरा, 45 मिनट तक रुके, फिर निकल गए बक्सर
आरा जंक्शन पर गुरुड़ सैलून पहुंचे जीएम ने आरा रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद सबसे निर्माणाधीन आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या 4 पर गए और निर्माण कार्य का जायजा लिया। इसके बाद प्लेटफाॅर्म संख्या तीन, दो और एक को भी देखा। सौदर्यीकरण को लेकर सर्कूलेटिंग एरिया का भी जायजा लिया। उन्होंने मानसून के पहले अधूरे कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। रेल अधिकारी यहां करीब 45 मिनट तक रुके। फिर बक्सर स्टेशन के लिए रवाना हो गए।
पिछले साल जनवरी महीने में आए थे निरीक्षण को
मौजूदा रेलवे जीएम पिछले साल 2019 के नवंबर व साल 2020 के 31 जनवरी को आरा जंक्शन का विकास सबंधित योजनाओं का जायजा लिए थे। इसमें दो बार के निरीक्षण में काफी विकास हुआ। शेष होना बाकी है। जानकारी के अनुसार हाजीपुर रेलवे के जीएम का वार्षिक मुयायना चल रहा है। उन्होंने आरा जंक्शन के विकास की प्रगति रिपोर्ट भी ली। आरा स्टेशन पर फिलहाल वाशिंग पीट, ओवरब्रिज, प्लेटफार्म का शेड सहित कई कार्य चल रहे हैं। कुल्हड़िया में माल गोदाम निर्माण की भी योजना है। हाल के वर्षों में आरा स्टेशन का काफी विकास हुआ है। यहां से कई नई ट्रेनें भी चलने लगी थीं, जिन्हें कोरोना के बाद बंद किया गया है।