राहुल की आज सदानंद व कादरी से मुलाकात, स्थाई अध्यक्ष को ले हो सकती बात
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया। साथ ही राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष बन गए। राहुल इसके बाद अब बिहार कांग्रेस के नेताओं से मिलेंगे।
पटना [जेएनएन]। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को पदभार संभालने के बाद बिहार कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात करने जा रहे हैं। राहुल पदभार ग्रहण करने के बाद बिहार कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी तथा विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह से मुलाकात करेंगे। राहुल से इन नेताओं की बिहार में पार्टी की स्थिति व स्थाई अध्यक्ष के मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।
विदित हो कि आज पदभार ग्रहण के बाद कांग्रेस सुप्रीमाे राहुल गांधी सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों व विधानमंडल दल के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी तथा बिहार विधानमंडल दल के अध्यक्ष सदानंद सिंह शामिल रहेंगे। सदानंद सिंह ने बैठक के संबंध में बताने से तो इन्कार कर दिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि राहुल गांधी के साथ बिहार कांग्रेस की दशा व दिशा पर विचार होगा।
पार्टी नेता एचके वर्मा ने बताया कि राहुल गांधी राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस की स्थिति मजबूत करने के लिए देश के सभी राज्यों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। अगले दिन ये नेता राहुल गांधी से फिर मिलेंगे। एक अन्य कांग्रेस नेता के अनुसार दिल्ली से लौटकर कौकब कादरी और सदानंद सिंह पंचायत से लेकर प्रखंड तक जाकर पार्टी नेताओं से फीडबैक लेने के लिए जिलों के दौरे पर निकलेंगे। आलाकमान इस फीडबैक के आधार पर फैसले लेगा।
बदले राजनीतिक हालात पर नजर
कांग्रेस के अंदरखाने के सूत्र बताते हैं कि संगठन बिहार के बदले हुए राजनीतिक हालातों को देख रहा है। आलाकमान की प्राथमिकता गुटों में बंटी बिहार कांग्रेस को एकजुट रखना है। यहां अगली लड़ाई भाजपा के साथ-साथ महागठबंधन में साथी रहे जदयू से भी होगी। इस लड़ाई में आलाकमान लालू का साथ छोड़ना नहीं चाहता, जबकि लालू के समर्थन व विरोध के मुद्दे पर पार्टी दो-फाड़ है।
हालांकि, एचके वर्मा कांग्रेस में किसी ‘लालू फैक्टर’ से इन्कार करते हैं। उधर, इस मुद्दे पर कल तक मुखर पूर्व अध्यक्ष अशोक चौधरी इस मुद्दे को अभी सामयिक नहीं मान कुछ भी बोलने से इन्कार करते हैं। स्पष्ट है कि कांग्रेस का लालू विरोधी खेमा राहुल के फैसले पर नजर गड़ाए 'वेट एंड वॉच' की स्थिति में है।
एक कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल की कादरी व सदानंद सिंह से मुलाकात में प्रदेश के स्थाई अध्यक्ष के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है।