शत्रुघ्न सिन्हा के लिए राहुल गांधी ने कदमकुआं में किया रोड-शो, उमड़ा जनसैलाब
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार की शाम राजधानी के कदमकुआं इलाके में पटना साहिब से प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन में रोड शो किया।
पटना। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार की शाम राजधानी के कदमकुआं इलाके में पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन में रोड-शो किया। इस दौरान जनसैलाब उमड़ पड़ा। राजेंद्रनगर स्थित मोइनुलहक स्टेडियम से शाम छह बजे निकला रोड शो प्रेमचंद गोलंबर, दिनकर चौक से सीधे शिवमंदिर से नाला रोड तिराहे तक करीब 45 मिनट में पहुंचा। चुनावी रथ पर शत्रुघ्न सिन्हा अपनी पत्नी पूनम सिन्हा के साथ सवार थे। दिनकर चौक से चुनावी रथ पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी सवार हुए। चारों तरह महागठबंधन और कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगते रहे। समर्थकों ने रास्ते में जगह-जगह पर गुलाब और गेंदा के फूलों की बारिश की।
इससे पूर्व शाम करीब चार बजे से स्टेडियम परिसर में कांग्रेस और राजद के नेता व कार्यकर्ता जुटने लगे। कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, सांसद तारिक अनवर भी सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचे। शाम लगभग पौने छह बजे बिहारी बाबू पत्नी पूनम सिन्हा के साथ आए। इसके बाद तालियों की गड़गड़ाहट शुरू हो गई। ठीक छह बजे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के काफिले ने स्टेडियम परिसर में प्रवेश किया। इसके तुरंत बाद राहुल गांधी, शत्रुघ्न सिन्हा, पूनम सिन्हा, मदन मोहन झा, तारिक अनवर सहित महागठबंधन में शामिल दलों के वरिष्ठ नेता चुनावी रथ पर सवार होकर निकल पड़े। पीछे करीब 30 गाड़ियों का काफिला था। इनमें एलईडी स्क्रीन लगीं तीन पिकअप वैन भी थीं। इनसे कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां प्रसारित की जा रही थीं।
रोड-शो जिन-जिन रास्तों से गुजर रहा था, सड़क के दोनों ओर रस्सी पर कांग्रेस के झंडे लगाकर घेराबंदी की गई थी। हाथ में पार्टी का बैनर लेकर हजारों लोग चुनावी रथ के साथ सड़क पर पैदल चल रहे थे। काफिले में राजद समर्थकों के वाहन भी थे। दिनकर चौक पर महज दो मिनट के लिए रथ रुका। इस पर तेजस्वी यादव सवार हुए। इस दौरान समर्थकों ने उन्हें फूलों की बड़ी माला पहनाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया। लोग मकानों की छतों, बालकनी और खिड़कियों से हाथ हिला अभिवादन कर रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं की टोली भी रथ के साथ चल रही थी। धीरे-धीरे रथ नाला रोड तिराहे से चंद कदम पहले शत्रुघ्न सिन्हा के मकान वाली गली के मोड़ पर रुक गया। वहां शत्रुघ्न सिन्हा, तेजस्वी यादव के बाद राहुल गांधी ने जनता को संबोधित किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप