राहत इंदौरी से लेकर जफर हबीबी तक गुदगुदाने को आ रहे बिहार, गोपालगंज में सजेगी महफिल
काव्य जगत के मशहूर नाम हैं राहत इंदौरी सुरेश अवस्थी जफर हबीब आदि। इनके साथ ही कई और हस्तियां लोगों को सुनाने-गुदगुदाने बिहार आ रही हैं। गोपालगंज में इनकी महफिल सजेगी।
गोपालगंज, जेएनएन। काव्य जगत के मशहूर नाम हैं राहत इंदौरी, सुरेश अवस्थी, जफर हबीब आदि। इनके साथ ही देश की कई और महत्वपूर्ण हस्तियां लोगों को सुनाने-गुदगुदाने बिहार आ रही हैं। गोपालगंज में इनकी महफिल सजेगी। इनकी महफिल में सुनने को बिहार की भी कई राजनीतिक हस्तियां रहेंगी। बिहार सरकार के कई मंत्री भी शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन 29 फरवरी को होगा।
जानकारी के अनुसा, आगामी 29 फरवरी को गोपालगंज जिला प्रशासन की देखरेख में शहर के अंबेडकर भवन में कवि सम्मेलन सह मुशायरा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसकी तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। केवल फाइनल टच दियाजा रहा है। इस कवि सम्मेलन में राहत इंदौरी सहित देश के कई बड़े कवि भाग लेंगे। कवि सम्मेलन का उद्घाटन बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह तथा सहकारिता मंत्री रणा रणधीर सिंह करेंगे।
एसडीओ सदर उपेंद्र कुमार ने कवि सम्मेलन के आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस कवि सम्मेलन में देश के कई बड़े व प्रख्यात कवि भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि प्रशासन की देखरेख में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में दिल्ली के मशहूर कवि इकबाल अशहर के अलावा प्रख्यात कवि जफर हबीबी, देश के नामचीन कवि सुरेश अवस्थी के अलावा राहत इंदौरी भी भाग लेंगे।
इनके अलावा इस कवि सम्मेलन व मुशायरा कार्यक्रम में यूपी के अमरोहा की निकहत अमरोही, गोरखपुर के कलीम कैशर, गाजीपुर की कवि रश्मि शाक्या, वाराणसी के कवि अनिल चौबे, यूपी के एटा के अज्म शाकरी, दिल्ली की कवि अन्ना देहलवी, वाराणसी के भूषण त्यागी सीतामढ़ी के जामिल अख्तर सफिक के अलावा इलाहाबाद के प्रख्यात कवि शैलेंद्र मधु भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि शाम के छह बजे से इस कवि सम्मेलन की शुरुआत की जाएगी। कवि सम्मेलन में सांसद डॉक्टर आलोक कुमार सुमन के अलावा सभी विधायक व विधान पार्षद को भी आमंत्रित किया गया है।