रघुवंश सिंह ने कसा तंज, कहा- राजद पर दबाव बनाने के लिए ज्यादा बोल रहे हैं मांझी
राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश सिंह ने इस बार हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी पर अपनी भड़ास निकाली है।
पटना, राज्य ब्यूरो। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश सिंह ने इस बार हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी पर अपनी भड़ास निकाली है। उन्होंने महागठबंधन में किचकिच को लेकर मांझी पर तंज कसा है। कहा, विधानसभा चुनाव में कुछ ज्यादा सीटें लेने के लिए जीतनराम मांझी राजद पर दबाव बना रहे हैं। वे अपने कार्यकर्ताओं को संतुष्ट करने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों पर तंज कसा। साथ ही केंद्र पर रेलवे को बेचने का आरोप लगाया।
राजद नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश सिंह ने कहा कि जब लड़ाई शुरू होगी तो सभी साथ आ जाएंगे। उन्होंने मांझी समेत सभी घटक दलों को आगाह किया कि हवा में बात नहीं होनी चाहिए। बैठकर मामले को सुलझा लेना चाहिए।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकारों पर भी हमला बोला। कहा कि दोनों सिर्फ घोषणाओं की सरकार हैं, जिनके दावे-वादे कभी सच नहीं हुए। केंद्र सरकार तो सरकारी संस्थाओं को बेचने में लगी है। राज्य में 15 साल पहले जैसी गरीबी थी, वैसी ही आज भी है। उन्होंने दावा किया कि संगठन चुनाव खत्म होते ही राज्य सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू होगी। इसके लिए राज्य के 72 हजार बूथों पर फौज तैयार की जा रही है। सभी वर्गों के लोगों को साथ लिया जाएगा।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के दरभंगा में एम्स खोलने की घोषणा पर उन्होंने कहा कि ऐसी घोषणा पांचवी बार की गई है। अरुण जेटली ने भी अपने पहले बजट भाषण में इसकी चर्चा की थी, किंतु अभी तक जमीन भी नहीं मिली है। राज्य में 24 मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा कर दी गई है, किंतु हकीकत यह है कि जो अस्पताल काम कर रहे हैं, वहां मरीजों को बेड तक नहीं मिल पा रहा है। रघुवंश ने केंद्र पर रेलवे को बेचने का आरोप लगाया और कहा कि लाल किला को भी गिरवी रख दिया गया है। राजद इन तमाम मुद्दों के खिलाफ सड़क पर उतरेगा।