रघुवंश सिंह का बड़ा बयान- हमारी सरकार बनी तो खत्म होगा शराब का काला कानून
राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि यदि हमारी सरकार बनेगी तो बिहार में जो शराब का काला कानून है, उसे खत्म करेंगे। उपचुनाव में सभी सीटों पर जीतेंगे।
वैशाली [जेएनएन]। राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार में हर तरफ लूट मची हैं। कहीं घोटाले हो रहे हैं तो कहीं शराबबंदी के नाम पर जनता को परेशान किया जा रहा है। हमारी सरकार बनी तो बिहार से शराब के काला कानून को खत्म किया जायेगा।
मुजफ्फरपुर जाने के दौरान वैशाली जिले के दौलतपुर में रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार में एक लोकसभा एवं दो बिहार विधान सभा क्षेत्र के उपचुनाव में राजद सभी सीटों पर भारी वोट से जीत दर्ज करेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में काफी तेजी से अपराध बढ़ा है। लूट, चोरी, बलात्कार एवं हत्या की घटनाएं आम हो गई हैं। लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लेकिन इस ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। राशन एवं केरोसिन से गरीबों का नाम हटाया जा रहा है। केरोसिन तेल बंद करने की साजिश हो रही है। बिहार में वृद्धापेंशन दो वर्षों से बंद है। बालूबंदी के कारण पंचायत का काम नहीं हो रहा है। अधिकांश सरकारी योजनाएं ठप हैं।
राजद नेता ने कहा कि यदि हमारी सरकार बनेगी तो बिहार में जो शराब का काला कानून है, उसे खत्म करेंगे। साथ ही इस कानून को बदल देंगे। अभी बिहार में 56 हजार लोग शराब के कारण जेल में बंद हैं जिसमें 55 हजार दलित वर्ग के लोग शामिल हैं। यह गलत कानून है। इसमें संशोधन करने की जरूरत है।