CBI में विवाद पर बोले RJD के रघुवंश, PM नरेंद्र मोदी के इशारे पर उठापटक
सीबीआइ में विवाद तथा उसके चीफ आलोक वर्मा को छुट्टी पर भेजे जाने पर राजनीति गरमा गई है। राजद के रघुवंश प्रसाद सिंह ने इसके लिए सीधे प्रधानमंत्री पर हमला किया है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। सीबीआइ चीफ आलोक वर्मा को छुट्टी पर भेजे जाने के मुद्दे पर राजद ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला किया है। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा है कि राफेल सौदे के कागजात मांगने के कारण ही आलोक वर्मा की छुट्टी कर दी गई। आरएसएस एवं बजरंग दल के संकेत पर देश की एकता खत्म करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर सीबीआइ में उठापटक हुई है।
मुंद्रिका सिंह को दी श्रद्धांजलि
रघुवंश प्रसाद सिंह बुधवार को राजद कार्यालय में समाजवादी नेता मुंद्रिका सिंह यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने की। कार्यक्रम में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
विरोधियों को परेशान कर रहे पीएम मोदी
रघुवंश प्रसाद सिंह ने केंद्र सरकार पर लालू प्रसाद यादव को फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव जीतने के लिए विरोधियों को परेशान कर रहे हैं। रघुवंश ने मुंद्रिका को जगदेव प्रसाद का मानस पुत्र बताया और कहा कि वह दलितों-शोषितों के हक के लिए संघर्ष करते रहे।
इन्होंने भी किया कार्यक्रम को संबोधित
इस अवसर पर राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने मुंद्रिका प्रसाद सिंह को लोकप्रिय नेता बताया और कहा कि हम उनकी राह पर चलकर राजद एवं प्रदेश को मजबूत बनाएंगे। रामचंद्र पूर्वे ने मुंद्रिका को प्रखर समाजवादी नेता बताया और कहा कि पार्टी में उनका अभाव खलता है।
कार्यक्रम को वरिष्ठ नेता अब्दुलबारी सिद्दीकी, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, सीताराम यादव, सुरेंद्र प्रसाद यादव, राजनीति प्रसाद, अब्दुल गफूर, प्रेमा चौधरी, अरुण कुमार यादव, मदन शर्मा, चंदेश्वर प्रसाद सिंह एवं सुदय यादव ने भी संबोधित किया।