राजद को तीसरा झटका!: राबड़ी देवी की नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी खतरे में, आंकड़े की गणित में फंसा पेंच
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लिए आज का दिन अमंगल ही रहा। पार्टी को झटके पर झटका लग रहा है। अब राबड़ी देवी की नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी खतरे में। आंकड़े की गणित में मामला उलझा।
पटना, जेएनएन। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लिए आज का दिन 'अमंगल' ही रहा। पार्टी को झटके पर झटका लग रहा है। वर्तमान में आठ में से पांच विधान पार्षदों ने राजद से इस्तीफा देते हुए जदयू का दामन थाम लिया। वहीं, इसका गम अभी पार्टी नेताओं का छलक ही रहा था कि वरीय नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के इस्तीफा देने की खबर आ गई। वे वैशाली के पूर्व सांसद रामा सिंह के राजद में आने को लेकर नाराज हैं। रामा सिंह के हाथों ही रघुवंश सिंह की लोकसभा चुनाव में हार हुई थी। अब तीसरे झटके के रूप में बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की राबड़ी देवी की कुर्सी खतरे में पड़ गयी है। राजनीतिक गलियारों के संकेत माने तो राबड़ी की नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी जानी तय है।
बिहार के राजनीतिक गलियारे से आ रही खबरों के अनुसार, बिहार विधान परिषद में राबड़ी देवी की नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी खतरे में पड़ गई है। इसमें आंकड़ों का खेल है। कुल सीटों का 10 परसेंट मेंबर जरूरी है। लेकिन अांकड़े बताते हैं कि राजद के पांच विधान पार्षदों के जदयू में शामिल हो जाने से अब उनकी संख्या सिर्फ तीन रह गई है। इनमें खुद राबड़ी देवी के अलावा रामचंद्र पूर्वे तथा सुबोध राय राजद के विधान पार्षद के रूप में रह गए हैं। बता दें कि दिलीप राय, राधा चरण सेठ, संजय प्रसाद, कमरे आलम और रणविजय सिंह ने अाज ही राजद को छोड़ जदयू का दामन थाम लिया है।
हालांकि, विधायकों के वोटों से भरी जाने वाली बिहार परिषद की नौ सीटों पर चुनाव होने वाला है। इसके लिए नामांकन जारी है। इस नाै सीटों में से राजद को तीन सीटें मिलनी तय है। राजद को तीन उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने हैं, लेकिन इसमें भी अब तक उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। सूत्रों की मानें तो तेज प्रताप यादव अपने लिये अड़े हुए हैं। वहीं, राघोपुर के लोग भोला राय के लिए कल राबड़ी आवास पर प्रदर्शन किया था। राजद को तीन सीटें मिलने के बाद भी विधान परिषद में राजद के छह उम्मीदवार ही रह जाएंगे, जबकि मिनिमम आठ से नौ सीटें चाहिए। ऐसे में विधान परिषद में राबड़ी की नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी जानी तय मानी जा रही है।