पटना साहिब पहुंचे पंजाब के राज्यपाल, गुरु दरबार में टेका माथा; ‘गोबिंद प्रकाश’ पत्रिका का किया विमोचन
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेका और गुरबाणी कीर्तन सुना। ...और पढ़ें

तख्त श्री हरिमंदिर जी में दर्शन करते पंजाब के राज्यपाल। जागरण
जागरण संवाददाता, पटना सिटी। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया सोमवार को स्वजनों के साथ तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में नतमस्तक हुए।
उन्होंने गुरु दरबार में श्रद्धापूर्वक माथा टेक गुरबाणी कीर्तन श्रवण कर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। राज्यपाल ने तख्त साहिब में सुशोभित पवित्र शस्त्रों तथा गुरु महाराज के जोड़ा साहिब के भी दर्शन किए।
उन्होंने पंजाब की खुशहाली के लिए अरदास किया । मौके पर तख्त श्री हरिमंदिर पटना साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी बलदेव सिंह ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
चोला साहिब के दर्शन के बाद पत्रिका भेंट
उन्हें गुरु साहिब के चोला साहिब के दर्शन करवाए। इस मौके पर राज्यपाल ने तख्त श्री हरिमंदिर पटना साहिब की धार्मिक एवं ऐतिहासिक पत्रिका गोबिंद प्रकाश का विमोचन किया।
यह पत्रिका सिख इतिहास, गुरमत विचारधारा तथा गुरु साहिबान की महान शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मौके पर तख्त श्री हरिमंदिर पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार जगजोत सिंह सोही, महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह तथा मीडिया प्रभारी सरदार सुदीप सिंह ने राज्यपाल का स्वागत किया।
उन्हें कृपाण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर तख्त साहिब के अधीक्षक दलजीत सिंह, प्रबंधक हरजीत सिंह, जैन मन्दिर कमेटी के अध्यक्ष पवन जैन थे।
पांच तख्तों में से एक है तख्त श्री हरिमंंदिर जी
सरदार जगजोत सिंह सोही ने कहा कि तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब सिख धर्म के पांच तख्तों में एक है तथा दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की पावन जन्मस्थली होने के कारण विश्वभर की सिख संगत के लिए विशेष श्रद्धा और आस्था का केंद्र है।
उन्होंने राज्यपाल के तख्त साहिब आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। राज्यपाल की इस धार्मिक यात्रा के दौरान तख्त साहिब के पदाधिकारियों द्वारा उन्हें तख्त श्री पटना साहिब की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता से भी अवगत कराया गया।
