बक्सर में हादसे का शिकार होने से बची पुणे-पटना एक्सप्रेस, पटरी पर रख दिया था फ्रिज
पुणे से चलकर पटना तक जानेवाली पुणे-पटना एक्सप्रेस बुधवार की बिहार के बक्सर में रात हादसे का शिकार होने से बच गई। घटना देर रात दो बजे की है।
बक्सर, जेएनएन। पुणे से चलकर पटना तक जानेवाली पुणे-पटना एक्सप्रेस बुधवार की रात बक्सर में भीषण हादसे का शिकार होने से बच गई। किसी ने साजिश के तहत डाउन लाइन पर एक बड़ा फ्रिज रख दिया था। गनीमत रही कि समय रहते ड्राइवर की पटरी पर रखे फ्रिज पर नजर पड़ गई और वे इमरजेंसी ब्रेक का इस्तेमाल करते हुए ट्रेन को रोकने में वे सफल रहा, नहीं तो करीब 500 से अधिक यात्री की जान खतरा हो सकता था।
रात के बज रहे थे दो
इस संबंध में बक्सर कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बुधवार देर रात करीब 2 बजे डुमरांव और टूड़ीगंज स्टेशन के बीच हुई है। करीब 500 से अधिक यात्रियों से भरी पुणे-पटना एक्सप्रेस पूरी रफ्तार से आ रही थी। चालक को अचानक सामने पटरी पर कुछ अप्रत्याशित सामान नजर आया इसके पहले वो कुछ समझ पाता ट्रेन की स्पीड अधिक होने से वे काफी करीब पहुंच गई। लिहाजा बड़े हादसे की संभावना को देख चालक द्वारा इमरजेंसी ब्रेक का इस्तेमाल करते हुए ट्रेन को रोका गया। बाद में पता चला कि पटरी पर बड़ा फ्रिज रखा हुआ था। गनीमत रही कि ट्रैक पर रखे विशाल फ्रिज में सटने के साथ ही ट्रेन रुक गई।
पहले से तय थी साजिश!
चालक द्वारा तुरंत घटना की जानकारी रेल अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने ही विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की जांच में रेल पुलिस ने शुरू कर दी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी ने साजिश के तहत बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए फ्रिज को पटरी पर रख दिया था। यदि चालक से कुछ पल की चूक हो जाती तो सैकड़ों यात्रियों की जान चली गई होती। बताते चलें कि करीब 15 साल पहले इसी स्थान पर हावड़ा से चलकर दिल्ली जानेवाली डीलक्स एक्सप्रेस भी दुर्घटना का शिकार हुई थी। रेल पुलिस के उच्चाधिकारी घटना की जांच में लगे हैं और फ्रिज ट्रैक तक कैसे पहुंचा इसका पता लगाने में जुटे हुए हैं।