नीतीश के बूथ पर लगे मुर्दाबाद के नारे, पुलिस ने किया लाठी चार्ज
बख्तियारपुर के मॉडल बूथ संख्या 204 पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में उन्हें हटाने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया। ग्रामीण अस्पताल में गलत इलाज के कारण एक युवती की मौत के कारण खफा थे।
पटना। बख्तियारपुर के मॉडल बूथ संख्या 204 पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में उन्हें हटाने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया। ग्रामीण अस्पताल में गलत इलाज के कारण एक युवती की मौत व बूथ पर बदइंतजामी से खफा थे।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह बख्तियारपुर के बूथ संख्या 204 पर बंदरों ने जमकर उत्पात मचाया। बंदरों ने एक बुजुर्ग महिला सहित आधा दर्जन ग्रामीणों को काट खाया। बूथ पर उनके उपचार की व्यवस्था नहीं थी। इस बदइंतजामी से ग्रामीण खफा थे।
इसी बीच एक स्थानीय युवती प्रीती (18 वर्ष) की तबियत खराब हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज की उचित व्यवस्था नहीं थी। आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगाने के कारण उसकी मौत हो गई। बूथ के बाद अस्पताल की इस कुव्यवस्था के कारण लोगों का गुस्सा भड़क गया।
इसी बीच मुख्यमंत्री बख्तियारपुर के उसी बूथ 204 पर मतदान करने पहुंचे। ग्रामीणों ने उनसे मिलकर अपनी शिकायत रखने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इससे नाराज ग्रामीण्ाों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। स्थिति पर नियुत्रण करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।