सूनी नहीं रहेगी कैदियों की कलाई, जेल में मिलेगा आलू दम और पूड़ी खाने का मौका Patna News
कैदियों की कलाई इस साल रक्षा बंधन में सूनी नहीं रहेगी। राखी पर उन्हें जेल में बंद महिला कैदी रक्षा सूत्र बांधेंगी। इसके लिए बेउर जेल में खास इंतजाम किए गए हैं।
चंद्रशेखर, पटना। आदर्श केंद्रीय कारा बेउर में सजा काट रहे उन कैदियों को इस बार निराश नहीं होना पड़ेगा, जिनकी हर साल कलाई सूनी रह जाती थी। इस बार कारा प्रशासन ने ऐसे कैदियों के लिए जेल में बंद महिला कैदियों से ही राखी बंधवाने का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि ये महिलाएं जेल में ही राखियां बनाएंगी और अपने कैदी भाइयों की सूनी कलाई पर बांधेंगी। कारा प्रशासन ने इसके लिए राखी बनाने के सामान की व्यवस्था की है। रक्षाबंधन के समय कारा प्रशासन की पूरी टीम मौजूद रहेगी।
काराधीक्षक जवाहर लाल प्रभाकर ने बताया कि जेल में बंद कैदियों को रक्षाबंधन के दिन बहन की कमी काफी खलती है। जेल में कई ऐसे कैदी भी हैं, जिनकी कलाई वर्षो से सूनी रह जाती है। ऐसे कैदियों को इस बार जेल की महिला कैदी ही राखी बांधेंगी। पहले तो स्कूली छात्रओं से राखी बंधाने की कोशिश हुई, परंतु उसी दिन स्वतंत्रता दिवस होने के कारण सभी स्कूलों में समारोह का आयोजन होगा। इसके कारण छात्रओं का आना संभव नहीं होगा। इसके कारण महिला बंदियों से राखी बंधवाई जाएगी।
दूसरी ओर, जिन बंदियों की बहनें जेल में बंद अपने भाइयों को राखी बांधने पहुंचेंगी, उनके लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। सुबह सात बजे से ही उस दिन मुलाकात शुरू हो जाएगी। बहनों को निराश नहीं होना पड़ेगा। यही नहीं रक्षाबंधन के दिन मुलाकातियों के लिए अलग से बेहतर व्यवस्था की गई है। बीच में दो घंटे तक स्वतंत्रता दिवस समारोह व झंडोत्तोलन को लेकर मुलाकात बाधित होगी। इस कारण शाम चार बजे तक राखी बांधने की व्यवस्था की गई है।
आलू दम और पूड़ी खाने को मिलेगी
कैदियों को रक्षाबंधन के दिन पूड़ी और आलू दम की सब्जी खाने के लिए परोसी जाएगी। इसके साथ उन्हें पुलाव, दाल मखानी, पापड़, तिलौरी के साथ ही दही भी परोसी जाएगी। कैदियों को चार-चार रसगुल्ले भी मिलेंगे। जेल मैन्युअल के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कैदियों को विशेष भोजन परोसा जाता है। दोपहर बाद कैदियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। इसमें कैदी ही फिल्मी गाने गाएंगे और फिल्मी धुन पर नृत्य भी पेश करेंगे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप