बंगाल की खाड़ी में बना दबाव, 22 के बाद बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य में बारिश के आसार बनने लगे हैं। उम्मीद है कि 22 सितंबर के बाद राज्य में एक बार फिर मानसून की बारिश हो सकती है। वर्तमान में बंगाल की खाड़ी के ओडिशा तट के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना है।
पटना । बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य में बारिश के आसार बनने लगे हैं। उम्मीद है कि 22 सितंबर के बाद राज्य में एक बार फिर मानसून की बारिश हो सकती है। वर्तमान में बंगाल की खाड़ी के ओडिशा तट के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार ने कहा, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से प्रदेश में बारिश के आसार बढ़ गए हैं। वर्तमान में बंगाल की खाड़ी से लेकर हिमालय के तराई वाले इलाके तक बारिश हो रही है। फिलहाल, मानसून की अक्षीय रेखा बंगाल की खाड़ी के ओडिशा तट से लेकर पुरी होते हुए डालटेनगंज, प्रयागराज व बरेली तक गुजर रही है। दो दिनों में मानसून की अक्षीय रेखा बिहार से गुजरने की उम्मीद है। इसके बाद राज्य में फिर तेज बारिश हो सकती है। छह अक्टूबर तक राज्य में अच्छी बारिश के संकेत :
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राज्य में इस वर्ष छह अक्टूबर तक मानसून की बारिश होगी। सामान्यत: राज्य में मानसून की बारिश 30 सितंबर तक होती है। लेकिन इस वर्ष मानसून के एक सप्ताह देर से लौटने की उम्मीद है। देरी से मानसून के लौटने का मतलब अधिक बारिश का होना है। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी की हवा में आर्द्रता गिरकर 73 फीसद पर आ गई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सोमवार को राज्य के आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में बारिश भी हो सकती है।