बिहार के DGP विनय कुमार लंबी छुट्टी पर, प्रीता वर्मा को मिला प्रभारी डीजीपी का जिम्मा
बिहार के डीजीपी विनय कुमार 21 दिनों की लंबी छुट्टी पर चले गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में 1991 बैच की ...और पढ़ें

प्रीता वर्मा
HighLights
डीजीपी विनय कुमार 21 दिनों की लंबी छुट्टी पर।
प्रीता वर्मा को मिला बिहार के प्रभारी डीजीपी का जिम्मा।
होमगार्ड डीजी प्रीता वर्मा संभालेंगी अतिरिक्त प्रभार।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार 21 दिनों की लंबी छुट्टी पर चले गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में 1991 बैच की आइपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा को प्रभारी डीजीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वह वर्तमान में होमगार्ड एवं अग्निशमन सेवा की महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। डीजीपी के वापस लौटने तक वह इस अतिरिक्त प्रभार को संभालेंगी।
15 सितंबर से पांच अक्टूबर तक अवकाश
गृह विभाग ने मंगलवार शाम इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। विभागीय जानकारी के अनुसार, डीजीपी विनय कुमार अपरिहार्य निजी और स्वास्थ्य कारणों से अवकाश पर गए हैं।
उनकी छुट्टी 15 सितंबर से स्वीकृत की गई है और वह पांच अक्टूबर तक अवकाश पर रहेंगे। इस अवधि में पुलिस मुख्यालय से जुड़े डीजीपी पद के सभी प्रमुख दायित्व प्रभारी डीजीपी देखेंगी।
प्रीता वर्मा के पास रहेगी अतिरिक्त जिम्मेदारी
प्रीता वर्मा बिहार कैडर की 1991 बैच की वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह होमगार्ड एवं अग्निशमन सेवा की डीजी हैं।
अब डीजीपी की अनुपस्थिति में वह अपने मौजूदा पद के साथ राज्य पुलिस के सर्वोच्च पद का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी। उनकी जिम्मेदारी डीजीपी के लौटने तक प्रभावी रहेगी।
बीपीएसएससी अध्यक्ष केएस द्विवेदी भी गए छुट्टी पर
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) के अध्यक्ष एवं पूर्व डीजीपी केएस द्विवेदी भी एक माह की लंबी छुट्टी पर चले गए हैं।
दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर चल रहे विवाद के बीच द्विवेदी के अवकाश पर जाने की बात से चर्चा का बाजार गर्म है। सूत्रों के अनुसार, वह अपनी पत्नी के स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अवकाश पर गए हैं।
