यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिग बास विनर तेजस्वी प्रकाश के साथ दिख रहे बिहार के प्रणव वत्स, पसंद आ रहा 'क्यों न आये' सांग
बिग बास जीतने के बाद तेजस्वी प्रकाश का पहला म्यूजिक वीडियो रिलीज हो गया है। इमसें उनके साथ बिहार के ...और पढ़ें

जागरण टीम, पटना। बिहार के भागलपुर निवासी प्रणव वत्स बालीवुड में अपनी प्रतिभा की चमक बिखेर रहे हैं। बतौर गीतकार प्रणव ने डीजे बाबू मेरा गाना बजा दे, बिरजू, और मैं आइटम सांग करने आयी हूं जैसे कई हिट गाने दिए हैं। प्रणव ने अब गायन और अभिनय की दुनिया में भी कदम रख दिया है। नए म्यूजिक वीडियो 'क्यों न आये' में प्रणव के साथ बिग बास विनर तेजस्वी प्रकाश नजर आ रही हैं। बिग बास जीतने के बाद तेजस्वी का यह पहला वीडियो है।
जी म्यूजिक पर प्रणव का लेटेस्ट वीडियो सांग 'क्यों न आये' को दर्शक पसंद कर रहे हैं। महज कुछ ही दिनों में इस गाने को लाखों व्यूज मिल चुके हैं। रिलीज से सिर्फ एक दिन पहले इसका फर्स्ट लुक इतना वायरल हुआ था कि ट्विटर पर एक लाख से यूजर ने इसे शेयर किया। अब जब गाना सब के सामने है तो इसमें भी प्रणव की आवाज़ की काफी तारीफ हो रही है। प्रणव और तेजस्वी की जोड़ी को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं। गाने काफी रिल्स भी बन रहे हैं। प्रणव ने कहा कि बिहार से मुंबई आना और यहां संघर्ष करना थोड़ा मुश्किल जरूर है लेकिन हमारी मिट्टी हमें मेहनत करना सिखाती है, जिसकी बदौलत हम कहीं भी सफल हो सकते हैं। 'क्यों न आये' के बाद भी भविष्य की काफी बेहतर योजनाएं हैं, जिस पर काम कर रहा हूं। तेजस्वी के अनुसार बिग बास जीतने के बाद ये मेरा पहला म्यूजिक वीडियो है। ये सांग मेरे फेवरेट गानों में से एक है। इस गाने के रिलीज होते ही इंटरनेट मीडिया पर काफी प्रतिक्रिया मिल रही है, जो मुझे उत्साहित करती है।
इस वीडियो सांग के म्यूजिक डायरेक्टर विवियन रिचर्ड हैं, जबकि प्रणव ने ही इसके गीत लिखे हैं। निर्माता अंशुल श्रीवास्तव हैं, सह निर्माता महादेवी मोशन पिक्चर है और निर्देशक सिद्धांत पिलानिया हैं। प्रणव इस गाने के बाद अपनी अगली म्यूजिक वीडियो की तैयारी में जुटे हैं, जिसमें प्रणव के साथ मनारा चोपड़ा नजर आएंगी। साथ ही 22 मार्च से चार नए गाने के वीडियो की शूटिंग प्रणव महाराष्ट्र के पुणे में करने जा रहे हैं।
