पोर्टल तैयार पर नहीं है वास्तुविद, नक्शा पास करने का काम ठप
नियमों के अनुसार वास्तुविद को नगर विकास एवं आवास विभाग में निबंधन कराना है। इसके बाद ही वे औपचारिकता रूप से अपना काम कर सकते हैं। लेकिन अभी तक किसी आर्किटेक्ट ने अपना निबंधन कराया ही नहीं है। ऐसे में पटना नगर निगम का पोर्टल चालू नहीं हो सका है।
पटना। नयी नियमावली के अनुसार नक्शा पास करने के लिए पटना नगर निगम ने पोर्टल तैयार कर लिया है। लेकिन वास्तुविद न होने की वजह से निगम नये नक्शों को आवेदन तक नहीं ले रहा। नियमों के अनुसार वास्तुविद को नगर विकास एवं आवास विभाग में निबंधन कराना है। इसके बाद ही वे औपचारिकता रूप से अपना काम कर सकते हैं। लेकिन अभी तक किसी आर्किटेक्ट ने अपना निबंधन कराया ही नहीं है। ऐसे में पटना नगर निगम का पोर्टल चालू नहीं हो सका है।
नयी नियमावली फरवरी माह में तैयार हुई है। वहीं पटना नगर निगम ने अपना पोर्टल 10 अप्रैल को ही तैयार कर लिया था। वहीं 31 मार्च तक पटना नगर निगम के 125 वास्तुविदों का पैनल कार्यरत था। पटना नगर निगम ने 31 मार्च तक आए आवेदनों के आधार पर नक्शा जारी कर दिया है। त्रुटि वाले 202 आवेदन लंबित रह गए हैं। नये पोर्टल के चालू होने के बाद 31 मार्च के पहले के 202 आवेदकों को नक्शा मिल पाएगा। पटना नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डा. आशीष कुमार का कहना है कि नगर विकास एवं आवास विभाग की स्वायत्तता छिन गई है। वास्तुविदों के निबधन में विलंब से नक्शा नहीं पास हो रहा है। फिलहाल स्थिति यह है कि पोर्टल बंद रहने के कारण लोग निगम मुख्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। निगम मुख्यालय की ओर से बताया जा रहा है कि वास्तुविदों को लेकर मामला अटका है। वर्जन पोर्टल बनकर तैयार है। नक्शा बनाने की प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है। 31 मार्च के पहले के सही कागजात वाले सभी नक्शों को पास कर दिया गया है। नये पोर्टल को चालू करने के लिए विभाग से मार्गदर्शन मांगा गया है। अनिमेश कुमार पराशर, नगर आयुक्त, पटना नगर निगम