बिहार: मुजफ्फरपुर शेल्टर होम की गवाह लड़कियों के फरार मामले पर सियासत तेज
बिहार में मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले में गवाह लड़कियों के फरार होने के बाद जहां प्रशासन सकते में हैं वहीं अब सियासत भी तेज हो गई है। विरोधी नीतीश सरकार को घेरने में लग गए हैं।
पटना [जेनएनएन]। बिहार में मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले में गवाह लड़कियों के फरार होने के बाद जहां प्रशासन सकते में हैं, वहीं इस पर अब सियासत भी तेज हो गई है। विरोधी नीतीश सरकार को घेरने में लग गए हैं। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने करारा हमला किया है। वहीं सत्ता पक्ष कानून के राज की दुहाई दे रहा है और कह रहा है कि कोई नहीं बचेगा।
बता दें कि बिहार में शनिवार को उस समय सनसनी मच गई, जब पता चला कि पटना के मोकामा स्थित बालिका सुधार गृह से सात लड़कियां भाग गई हैं। प्रशासन के होश तब उड़ गए जब यह बात सामने आई कि फरार सात लड़कियों में से पांच मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले में गवाह हैं। जानकारी मिलते ही पटना के डीएम व एसपी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू हुई। लेकिन इसे लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।
तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा है कि मुजफ्फरपुर शेल्टर होम की गवाह बचीं 7 बच्चियों को भी ग़ायब किया गया। सत्ता शीर्ष पर बैठे किस शख्स को बचाने की साजिश हो रही है? पीड़ित बच्चियां अभी भी क्यों सुरक्षित नहीं हैं? सुप्रीम कोर्ट की मॉनिटरिंग के बावजूद ये दु:साहस कौन कर रहा है? सीएम को किस बात का डर है? इसी तरह राजद विधायक एज्या यादव ने कहा कि बच्चियां फरार नहीं हुई हैं, बल्कि भगाई गई हैं। और यह सब सरकार के इशारे पर हुआ है।
उधर रालोसपा प्रमुख व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर नीतीश सरकार पर सवाल दागे हैं। कुशवाहा ने कहा कि 'मुजफ्फरपुर कांड की ये पीड़िताएं फरार नहीं हुई हैं, बल्कि प्रतीत होता कि सरकार द्वारा गायब कराई गई है। इस अपराध में सीबीआई और सुप्रीम कोर्ट सीधे तौर पर मुख्यमंत्री जी को दोषी मान रही है।' उन्होंने इसी ट्वीट में लिखा है कि 'नीतीश कुमार अविलंब इस्तीफा दें, क्योंकि आपसे अन्य बच्चियों के जान को भी खतरा है।'
इसी पर पलटवार करते हुए भाजपा उपाध्यक्ष देवेश कुमार ने कहा कि सभी मामलों पर जांच की जा रही है और सरकार हमेशा ही सीबीआइ को सहयोग करती रहती है। ये सुरक्षा में लापरवाही का मामला है और दोषियों पर जरूर कार्रवाई की जाएगी।