Move to Jagran APP

उपेंद्र कुशवाहा के इस्तीफे पर गरमाई बिहार की सियासत, जानिए किसने क्या कहा

उपेंद्र कुशवाहा के मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बिहार में सियासी बयानबाजी जारी है। जहां महागठबंधन ने उनके फैसले का स्वागत किया है तो वहीं एनडीए ने तंज कसा है।

By Kajal KumariEdited By: Published: Mon, 10 Dec 2018 04:45 PM (IST)Updated: Tue, 11 Dec 2018 08:03 PM (IST)
उपेंद्र कुशवाहा के इस्तीफे पर गरमाई बिहार की सियासत, जानिए किसने क्या कहा
उपेंद्र कुशवाहा के इस्तीफे पर गरमाई बिहार की सियासत, जानिए किसने क्या कहा

पटना, जेेएनएन। रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने आखिरकार सोमवार को एनडीए से अलग होने का फैसला ले लिया और इसके एेलान के साथ ही उन्होंने अपने मंत्री पद से भी इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के बाद कुशवाहा ने केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला।

loksabha election banner

कुशवाहा के इस्तीफे के बाद राजनीतिक बयानबाजी हुई तेज

उपेंद्र कुशवाहा के इस्तीफे के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। महागठबंधन ने जहां उनके इस फैसले का स्वागत किया है वहीं एनडीए के नेताओं ने तंज कसा है।

उनके इस फैसले पर जदयू नेता आरसीपी सिंह ने कहा कि जेडीयू के साथ आरएलएसपी का गठबंधन नहीं था। उनका सरकार में रहना और नहीं रहना अपने खुद का फैसला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बिहार में सबसे ज्यादा काम हुआ और खुद उपेंद्र कुशवाहा ने केंद्रीय मंत्री रह कर किया है।

भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने कहा-एनडीए छोड़ जाना शर्म की बात

केंद्रीय राज्य मंत्री सह भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने कुशवाहा पर जोरदार हमला बोला और कहा कि पांच वर्षों तक सुख सुविधा लेने के बाद एनडीए को छोड़कर जाना शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि ये धोखा बीजेपी या एनडीए के साथ नहीं है बल्कि ये धोखा देश की 130 करोड़ जनता के साथ है।

केंद्रीय कैबिनेट में उपेंद्र कुशवाहा की कोई जरूरत नहीं थीं उसके बाद भी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार से अधिक से अधिक संख्या में सांसदों को केंद्रीय मंत्रीमंडल में शामिल किया। उसके बाद भी देश की जनता के साथ इन्होंने धोखा किया है।

कहीं तीन सीट को लेकर संसद में पहुंचने वाले उपेंद्र कुशवाहा इस बार की चुनाव में आउट ही न हो जाएं कि वो संसद में जाने लायक भी नहीं रह जाएं। आगामी चुनाव में बिहार की जनता उपेंद्र कुशवाहा को उनके करनी का फल दे देगी।

जदयू नेता ने कहा-एनडीए में असर होनेवाला नहीं

जदयू विधान पार्षद गुलाम रसूल बलियावी ने कहा कि बिहार में इसका कोई असर पड़ने वाला नहीं है। बिहार में सब कुछ नीतीश कुमार के इर्द-गिर्द ही होना है, किसी के आने जाने से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।

गुलाम रसूल बलियावी ने कहा कि यहां विकास के नाम पर लोग वोट करने वाले हैं और विकास का काम नीतीश कुमार कर रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा लगातार नीतीश कुमार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे। अभी दिल्ली जाने से पहले दो दिन बिहार सरकार के खिलाफ उपवास पर थे और महागठबंधन के नेताओं से लगातार मुलाकात कर रहे थे।

कांग्रेस ने कहा-कुशवाहा के आने से महागठबंधन मजबूत होगा

पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने उपेंद्र कुशवाहा के इस्तीफे का स्वागत किया है और कहा है कि डूबते जहाज से उतरने का कुशवाहा का फैसला सही है, उनके महागठबंधन में आने से महागठबंधन और मजबूत होगा। कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के जाने से एनडीए को नुकसान होगा। चुनाव परिणाम के बाद नीतीश जी बहुत पछताएंगे। उपेन्द्र कुशवाहा अब महागठबंधन में शामिल होंगे और दो सप्ताह में महागठबंधन में सीटों का बंटवारा होगा। 

कांग्रेस नेता के कौकब कादरी ने कहा कि उपेन्द्र कुशवाहा का यह कदम देश और राज्य हित में है। समान विचारधारा के लोगों का महगठबंधन में स्वागत है। हम उपेन्द्र कुशवाहा को सम्मान देंगे जिसके वह हकदार हैं।

उपेंद्र कुशवाहा के फैसले पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि बिहार में उपेंद्र कुशवाहा के निकल जाने से कोई असर पड़ने वाला नहीं है। क्योंकि एनडीए के खिलाफ लगातार बोल रहे थे और उससे एनडीए को नुकसान ही हो रहा था। वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा गठबंधन धर्म का भी पालन नहीं कर रहे थे। 

भाजपा ने कहा-खुद ही अमित शाह से मिलने नहीं गए

उपेंद्र कुशवाहा के इस्तीफे पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा ने मत्रिमंडल से इस्तीफा दिया है। उन्हें कहा कि अमित शाह ने उपेंद्र कुशवाहा को मिलने के लिए बुलाया था लेकिन कुशवाहा खुद अमित शाह से मिलने नहीं गए। एनडीए एक जुट है और एक जुट रहेगा। 

राजद ने कहा-कुशवाहा देर आए, दुरुस्त है

वहीं, राजद ने उपेंद्र कुशवाहा के इस्तीफे का स्वागत किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल से उपेंद्र कुशवाहा के इस्तीफे पर बिहार के पूर्व मंत्री और राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा ने बहुत देर कर दी।लेकिन देर आए दुरुस्त आए, उनका महागठबंधन में स्वागत है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.