अजीत जोगी के निधन पर बिहार का सियासी गलियारा दुखी, नीतीश ने बताया प्रख्यात राजनेता
छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री रहे अजीत जोगी का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके अचानक निधन की खबर से बिहार का सियासी गलियारा भी काफी दुखी है। सीएम नीतीश ने शोक प्रकट किया।
पटना, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री रहे अजीत जोगी का शुक्रवार को निधन हो गया। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके अचानक निधन की खबर से बिहार का सियासी गलियारा भी काफी दुखी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत बिहार के तमाम नेताओं ने शोक प्रकट किया है। भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने भी जोगी के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किये हैं।
नीतीश ने गहरी संवेदना प्रकट की
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि अजीत जोगी एक प्रख्यात राजनेता थे। उन्हें छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्राप्त हुआ था। अजीत जोगी दो बार राज्यसभा तथा दो बार लोकसभा के सदस्य रह चुके थे।
देश में भी अमूल्य योगदान
नीतीश कुमार ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश की राजनीति में भी अजीत जोगी का बहुमूल्य योगदान था। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्हाेंने दिवंगत आत्मा की चिरशांति तथा उनके परिजनों एवं समर्थकों को इस दुख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
स्पीकर ने भी जताया शोक
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शोक जताया है। विजय चौधरी ने जोगी को काबिल नेता करार दिया है। तेजस्वी ने कहा कि अजित जोगी योग्य एवं अनुभवी नेता थे। राबड़ी ने कहा कि जोगी ने राजनीति में अपना स्थान बनाया और तरक्की करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने।
जोगी बड़े व्यक्तित्व के नेता थे : डॉ. झा
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के निधन पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। डॉ. झा ने शुक्रवार को कहा कि जोगी कांग्रेस के बड़े दलित नेता थे। हालांकि उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी, लेकिन उनका व्यक्तित्व बहुत बड़ा था। उन्होंने कहा जोगी का यूं चले जाना उनके लिए उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। मदन मोहन झा के साथ ही सदानंद सिंह, एचके वर्मा, ब्रजेश पांडेय, सुबोध कुमार, राजेश राठौर, आनंद माधव, सत्येंद्र बहादुर, गुंजन पटेल ने भी शोक व्यक्त किया है।