बिहार: RPF पोस्ट में नाबालिग बच्ची से जवानों ने रातभर किया दुष्कर्म, छह सस्पेंड
छपरा जंक्शन पर जिनपर रक्षा की जिम्मेदारी है उन पुलिस वालों ने एक नाबालिग के साथ थाने में एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरपीएफ जवानों पर बड़ी कार्रवाई हुई है।
पटना [जेएनएन]। छपरा जंक्शन पर आरपीएफ पोस्ट में पुलिसकर्मियों ने घर से भटककर स्टेशन पहुंची एक नाबालिग बच्ची को अपना शिकार बनाया और रातभर उसके साथ थाने में ही दुष्कर्म किया। बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है। आरपीएफ के जवानों द्वारा किए गए इस कुकर्म की घटना से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच की जा रही है।
नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे प्रशासन ने छपरा के जंक्शन प्रभारी निरीक्षक समेत छह आरपीएफ जवानों को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन पर आरपीएफ के जवानों ने एक नाबालिग लड़की के साथ रातभर दुष्कर्म किया। इसका खुलासा होने के बाद बालिका गृह के अधीक्षक द्वारा महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है तथा इसके बारे में जिलाधिकारी समेत सभी वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई है। वहीं इसकी जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ के आईजी राजाराम ने इसकी जांच करने का आदेश दिया है। आदेश पर सहायक सुरक्षा कमांडेंट ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि छपरा जंक्शन के बाहर एक नाबालिग लड़की 29 अक्टूबर की शाम सात बजे संदिग्ध हालत में मिली। आरपीएएफ जवानों ने उसे आरपीएफ पोस्ट लाया। उसके बाद उसे छपरा जंक्शन पर खुले चाइल्ड लाइन को सौपने के लिए ले गए। लेकिन चाईल्ड लाइन के कर्मचारी जयप्रकाश ने यह कहते हुए नहीं रखा कि यहां कोई महिला कर्मचारी नहीं है।
इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने लिखित रूप में एक महिला कांस्टेबल के सरकारी आवास पर ले जाकर उसके सुपुर्द कर दिया। लेकिन बच्ची को उस महिला कांस्टेबल के आवास पर रखने के बजाय आरपीएफ पोस्ट के उप निरीक्षक के कमरे में बंद कर दिया गया। उसके बाद रात में उक्त बच्ची के साथ आरपीएफ जवानों ने दुष्कर्म किया।
सुबह में चाइल्ड लाइन की महिला कर्मचारी व महिला कांस्टेबल से जब उसने दुष्कर्म की घटना के बारे मे बताया तो आरपीएफ जवानों ने डंडे से उसकी पिटाई की और उसे चुप करा दिया। बताया जाता है कि जब उस बच्ची को बालिका गृह को सौंप दिया गया तो उसने बालिका गृह के अधीक्षक को अपने साथ हुए घटना के बारे में जानकारी दी।
उसकी आपबीती सुनकर बालिका गृह के कर्मियों के होश उड़ गए। उन्होंने बिना देर किए अपने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर उसका सदर अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया गया। उसके बाद बालिका गृह के अधीक्षक ने इसके बारे में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने के लिए महिला थाना में आवेदन दिया है।
इस मामले की जांच आरपीएफ व जिला पुलिस कर रही है। इस संबंध में पुलिस कप्तान हरकिशोर राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई हैं। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।