कांग्रेस का स्थापना दिवस: नेताओं ने निकाला मार्च तो पुलिस की टेढ़ी हुई नजर
सीएए एवं एनआरसी के खिलाफ रविवार को प्रदेश कांग्रेस के मार्च को पुलिस ने सदाकत आश्रम से कुछ ही दूर गोसाईटोला के निकट रोक दिया। आक्रोशित कांग्रेसी वहीं धरने पर बैठ गए।
पटना, राज्य ब्यूरो। सीएए एवं एनआरसी के खिलाफ रविवार को प्रदेश कांग्रेस के मार्च को पुलिस ने सदाकत आश्रम से कुछ ही दूर गोसाईटोला के निकट रोक दिया। आक्रोशित कांग्रेसी पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में वहीं सड़क पर ही धरना पर बैठ गए। करीब एक घंटे बाद कांग्रेसियों ने फिर खुद ही मार्च वहीं पर समाप्त कर देने की घोषणा कर दी। मार्च को सदाकत आश्रम से निकल पटना हाईकोर्ट के पास स्थित आंबेडकर की प्रतिमा तक जाना था।
'भारत बचाओ, संविधान बचाओ' रैली का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिव वीरेंद्र सिंह राठौर, प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह, कांग्रेस अभियान समिति के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौड़ आदि कर रहे थे। कांग्रेसी कार्यकर्ता 'मुझे एनआरसी नहीं, रोजगार चाहिए', 'मुझे सीएए नहीं, सुरक्षा चाहिए', 'मुझे अमन-चैन चाहिए' जैसे नारों से लिखी तख्तियां हाथ में लेकर रैली में चल रहे थे।
रैली निकालने से पूर्व सदाकत आश्रम में पार्टी का 135वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा. झा ने कहा कि देश की आजादी एवं इसके बाद देश के संविधान बनाने के लिए कांग्रेस ने जो संघर्ष एवं परिश्रम किए उस पर वर्तमान भाजपा सरकार के नागरिकता संशोधन कानून से गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। जिस संविधान को इसके निर्माताओं ने समाजवादी, पंथ निरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक बनाया था, उस पर वर्तमान केंद्र सरकार लगातार हमला कर देश की एकता एवं अखंडता को छिन्न-भिन्न कर रही है।
इस मौके पर चंदन बागची, कौकब कादरी, डा. समीर कुमार सिंह, श्याम सुंदर सिंह धीरज, अमिता भूषण, प्रेमचंद मिश्रा, मुशरफ अली, डा. कमलदेव नारायण शुक्ला, सुनीता साक्षी सहित अनेक नेता मौजूद थे, जो बाद में रैली में भी शामिल हुए। पार्टी के स्थापना दिवस के साथ-साथ कांग्रेस सेवा दल का 97वां स्थापना दिवस भी मनाया गया।