Move to Jagran APP

घर में हो रही थी शादी की तैयारी और रो रही थी दुल्हन, अचानक पहुंच गई पुलिस

शादी की तैयारियों के बीच दुल्‍हन का रो-रोकर बुरा हाल था। दूसरी तरफ घरवाले खुश थे। लेकिन, अचानक पुलिस आ गई और शादी रोकनी पड़ी। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।

By Amit AlokEdited By: Published: Fri, 09 Feb 2018 08:27 AM (IST)Updated: Fri, 09 Feb 2018 11:33 PM (IST)
घर में हो रही थी शादी की तैयारी और रो रही थी दुल्हन, अचानक पहुंच गई पुलिस
घर में हो रही थी शादी की तैयारी और रो रही थी दुल्हन, अचानक पहुंच गई पुलिस

पटना [जेएनएन]। घर में शादी की तैयारी चल रही थी। महिलाएं मंगल गीत गा रहीं थीं। लेकिन, होने वाली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल था। इस बीच अचानक पुलिस ने पहुंच कर शादी को रोक दिया।

loksabha election banner

पटना सिटी के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के अंबेडकर कॉलोनी में गुरुवार रात मोतिहारी से बरात पहुंचने वाली थी। वहां केवल नाबालिग लड़की (15) जिसका बाल विवाह होना था, जार-जार रो रही थी। उसे छोड़कर सभी खुश थे। किसी तरह प्रशासन और पुलिस को भनक लग गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर यह शादी रुकवा दी।

शादी रुकने के बाद नाबालिग लड़की ने राहत की सांस ली। उसे स्थानीय विकास मित्र को सौंप दिया गया और उसे हिदायत दी गई कि ध्यान रखें कि परिजन फिर से इसकी शादी न कर पाएं। प्रशासनिक स्तर से लड़का पक्ष को भी फोन कर यह अपराध न करने की नसीहत दी गई। शादी रोके जाने पर घर के लोगों एवं रिश्तेदारों ने नाराजगी का इजहार किया और मौके पर प्रशासन, पुलिस और मीडिया कर्मियों को खरी-खोटी सुनाई।

पहले मान गए थे परिजन

एसडीओ राजेश रोशन ने बताया कि अंबेडकर कॉलोनी में देवी मंदिर के समीप एक नाबालिग लड़की की शादी की तैयारी की सूचना बुधवार को मिली थी। कार्यपालक दंडाधिकारी राजलक्ष्मी को पड़ताल के लिए भेजा गया। उन्होंने बाल विवाह को अपराध बताते हुए परिजनों को समझाया और शादी न करने के लिए राजी किया। इसके बाद लड़की पक्ष ने सुलतानगंज थाने में पहुंचकर पुलिस के समक्ष नाबालिग बेटी की शादी न करने की बात कही थी।

फिर शुरू हो गई तैयारी

गुरुवार को फिर लड़की के घर शादी की तैयारियों होने की खबर पाकर अनुमंडलाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी व सुलतानगंज पुलिस अंबेडकर कॉलोनी पहुंचे। वहां मड़वा सजाने समेत शादी की सभी तैयारियां अंतिम चरण में थी। बरात शाम को आनी थी। महिलाएं मंगल गीत गाकर रस्म निभाने में जुटी थीं।

बालिग होने तक रुकने की चेतावनी

परिजनों ने बताया कि शाम को मोतिहारी के मीना बाजार क्षेत्र से लड़का पक्ष बरात लेकर पहुंचने वाले थे। शादी टलने की सूचना मिलते ही लड़की की मां की तबीयत बिगडऩे लगी। उसका रो-रोकर बुरा हाल था। मां को रोता देख मंगल गीत गा रही महिलाएं भी रोने लगीं। परिजनों ने बताया कि परिवार में तीन भाई व दो बहन हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। प्रशासन द्वारा शादी रुकवाए जाने की जानकारी लड़की पक्ष द्वारा लड़का पक्ष को फोन कर दी गई।

एसडीओ बोले, शादी गैरकानूनी

एसएडीओ ने साफ तौर कहा कि नाबालिग की शादी करना गैरकानूनी है, 18 वर्ष के बाद ही करें। एसडीओ ने क्षेत्र के विकास मित्र को इस मामले पर नजर रखने का जिम्मा सौंपा है। एसडीओ ने बताया कि अगर शादी होती है तो प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों को जेल भेजा जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.