पप्पू यादव सहित पांच नामजद व आठ हजार अज्ञात शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी
पांच सितंबर को बिना अनुमति नियोजित शिक्षकों ने गर्दनीबाग में प्रदर्शन किया था।
पटना (फुलवारीशरीफ) : पांच सितंबर को बिना अनुमति नियोजित शिक्षकों के गर्दनीबाग में प्रदर्शन एवं उनके समर्थन में पूर्व सांसद पप्पू यादव के इसमें शामिल होने की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। विधि व्यवस्था के लिए गंभीर स्थिति पैदा करने पर प्रशासन ने पप्पू यादव सहित पांच पर नामजद एवं आठ हजार अज्ञात शिक्षकों पर गर्दनीबाग थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस इनके खिलाफ कार्रवाई का मन बना चुकी है।
मालूम हो कि एक महीने पहले नियोजित शिक्षकों ने अपने प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा किया था। हंगामे के दौरान इनकी पुलिस से तीखी झड़प हुई थी। इनको काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा था। तब पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसमें एक महिला शिक्षक भी शामिल थी। इस घटना के खिलाफ नियोजित शिक्षकों ने पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर दोबारा प्रदर्शन करने का एलान किया था। गर्दनीबाग में पांच को हजारों की संख्या में शिक्षक प्रदर्शन को पहुंच गए थे। इनके पास प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी।
शिक्षकों के प्रदर्शन और इनकी संख्या को देखते हुए पुलिस ने गर्दनीबाग धरनास्थल को चारों ओर से घेरकर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था। इसके बाद भी नियोजित शिक्षकों ने जमकर प्रदर्शन किया था। इस कारण पुलिस प्रशासन की नींद उड़ गई थी। इनके प्रदर्शन में पूर्व सांसद पप्पू यादव की शामिल हुए थे और शिक्षकों को ललकार रहे थे।
प्रशासन ने बार-बार नियोजित शिक्षकों के प्रदर्शन को लेकर इनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। दानापुर की कार्यपालक पदाधिकारी प्रतिमा गुप्ता के बयान पर थाने में मामला दर्ज किया गया है। इसमें पूर्व सांसद पप्पू यादव, नियोजित शिक्षक संघ के बृजनंदन शर्मा, नवनीत कुमार, मार्कंडेय पाठक, प्रदीप कुमार नामजद हैं। जबकि आठ हजार अज्ञात शिक्षकों पर मामला दर्ज हुआ है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस सभी के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयार कर रही है। अब अगर दोबारा नियोजित शिक्षक प्रदर्शन करते हैं और कोई हंगामा हुआ तब पुलिस प्रदर्शन के दिन पहुंचते ही इनको गिरफ्तार कर नामजद कर जेल भेज देगी। पुलिस प्रशासन का मानना है कि बार-बार ये लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर विधि व्यवस्था के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर रहे हैं।