पटना: पुलिस लाठीचार्ज में RLSP सुप्रीमो कुशवाहा घायल, PMCH में चल रहा इलाज
पटना में रालोसपा कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकाला। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें उपेंद्र कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। कुशवाहा को पीएमसीएच में एडमिट कराया गया है।
पटना, जेएनएन। रालोसपा समर्थकों पर पटना के डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। चोट लगने से उपेंद्र कुशवाहा की तबीयत खराब हो गई है और उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि लाठीचार्ज में कुशवाहा को काफी चोट लगी है। घटना की रालोसपा ने काफी निंदा की है।
मिल रही जानकारी के अनुसार कुशवाहा के सिर में चोट लगने के कारण पीएमसीएच में डॉक्टरों ने उनका सीटी स्कैन कराया। उसकी रिपोर्ट नाॅर्मल आई है। बताया जाता है कि डाॅक्टरों ने उन्हें 2 दिन आराम करने की सलाह दी है। उधर रालोसपा कार्यकर्ताओं ने लाठीचार्ज की निंदा की है।
बता दें कि शिक्षा में सुधार के मुद्दे पर रालोसपा ने आज आक्रोश मार्च निकाला है। मार्च का नेतृत्व पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा कर रहे थे। कार्यकर्ता जेपी गोलंबर से राजभवन की तरफ जा रहे थे कि तभी डाकबंगला चौराहे पर उन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की और जमकर लाठियां भाजीं जिसमें उपेंद्र कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आई हैं।
पूर्व मंत्री सह रालोसपा प्रमुख ने कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था को लगातार चौपट किया गया और इसे सुधारने के लिए सरकार को अविलंब उनकी सभी मांगों को मानना होगा। उन्होंने कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए यह मार्च निकाला गया है। पार्टी पिछले दो सालों से इस मुद्दे पर आवाज उठाती रही है और आगे भी यह आंदोलन जारी रहेगा।