किन्नर की वेष में शारीरिक भूख मिटाता था यह शख्स, जानिए कैसे खुल गई पोल
एक शख्स किन्नर का वेष धरकर अपनी शारीरिक भूख मिटाता था। उसने एक महिला से शारीरिक संबंध बनाने के बाद उसकी हत्या कर दी। घटना का खुलासा पुलिस ने किया है।
पटना, जेएनएन। बिहार के कटिहार में कोढ़ा थाना क्षेत्र के मुसापुर में रविवार को एक महिला का निर्मम हत्या हो गई थी। महिला का नाम चांदनी देवी था। इस हत्याकांड का खुलासा होने पर पुलिस भी अचंभित है। इस हत्याकांड में पुलिस ने एक किन्नर को गिरफ्तार किया। उसने हत्या में उसका साथ देने वाले दो लोगों का नाम बताया। पुलिस तब आश्चर्यचकित रह गयी, जब किन्नर का मेडिकल टेस्ट कराया तो वह किन्नर के वेष में एक पुरुष निकला।
कटिहार एसडीपीओ अनिल कुमार ने सोमवार की देर शाम नगर थाना में प्रेसवार्ता आयोजित कर इस कांड का खुलासा किया और बताया कि 10 नवंबर की सुबह मुसापुर पावग्रीड के पास एक अज्ञात महिला का शव मिला था। महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली थी। जिसके बाद कोढ़ा थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार घटना स्थल पहुंचे तथा मामले की तफ्तीश के बाद शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया था।
उसके बाद पुलिस इस हत्या की तफतीश कर रही थी तो पता चला कि मृतका चांदनी देवी रविवार की शाम बसगढ़ा निवासी एक किन्नर मीठू व्याधा उर्फ काजल के साथ निकली थी। पुलिस ने जब मीठू को तलाशना शुरू किया तो वह घर से फरार हो गया था।
पुलिस ने मीठू को दबोचने के लिए उसके मोबाइल लोकेशन को खंगालना शुरू किया। मोबाइल लोकेशन से पता चला कि आरोपित किन्नर भागलपुर में है। पुलिस की टीम भागलपुर पहुंची और आरोपित किन्नर को गिरफ्तार कर कटिहार ले आयी।
एसडीपीओ ने बताया कि जब पुलिस ने गिरफ्तार किन्नर से सघनता से पूछताछ की तो उसने चांदनी देवी की हत्या में अपनी संलिप्तता बतायी तथा उस घटना में अपने दो सहयोगी के भी नाम बताये। जब गिरफ्तार आरोपित किन्नर को मेडिकल जांच में भेजा गया तो आरोपित किन्नर चांदनी किन्नर नहीं, पूरी तरह से पुरुष निकला। इस बात की पुष्टि मेडिकल जांच में भी की गयी है।
एसडीपीओ ने बताया कि संभवत: किन्नर अपनी शारीरिक भूख मिटाने के लिए किन्नर की वेशभूषा धारण किये रहता है। ताकि महिला एवं ग्रामीणों को किसी प्रकार का उस पर शक न हो और वह अपनी शारीरिक भूख मिटा सके।