नगर आयुक्त ने जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार को हटाया
पटना नगर निगम के जन्म-मृत्यु प्रशाखा के रजिस्ट्रार सह चिकित्सक डॉ. अनूप कुमार शर्मा हटा दिए गए हैं।
पटना । पटना नगर निगम के जन्म-मृत्यु प्रशाखा के रजिस्ट्रार सह चिकित्सक डॉ. अनूप कुमार शर्मा हटा दिए गए। उनका स्थान डॉ. कृष्ण मुरारी ने लिया। बुधवार को जन्म प्रमाणपत्र के लिए मारपीट एवं हंगामा होने के बाद नगर आयुक्त अनुपम कुमार सुमन खुद जन्म-मृत्यु शाखा पहुंच गए। लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने चिकित्सक के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए।
एक आक्रोशित व्यक्ति ने नगर आयुक्त के समक्ष अपनी बातों को रखते हुए कहा कि 15 जुलाई को जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन दिया है। बेटे का चयन टेनिस और बेटी का चयन क्रिकेट के लिए हुआ है। जन्म प्रमाणपत्र की सख्त जरूरत है। रजिस्ट्रार सह चिकित्सक कह रहे हैं कि अभी नहीं मिलेगा। अंचल कार्यालय इस आवेदन को भेजा जा रहा है। नगर आयुक्त ने शीघ्र जन्म प्रमाणपत्र दिलाने का आश्वासन दिया। वहां पहुंचे लोगों ने चिकित्सक की जमकर शिकायतें की। इसी बीच नगर आयुक्त तक ललन प्रसाद के मृत्यु प्रमाणपत्र का मामला पहुंच गया। बो¨रग रोड के ललन प्रसाद की मृत्यु हाल ही हुई है। बांसघाट पर दाह संस्कार हुआ। दो पत्िनयां हैं। दोनों ने मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन दे दिया था। रजिस्ट्रार सह चिकित्सक ने दूसरी पत्नी को मैसेज भेज दिया कि पहली पत्नी को मिलेगा।
अंचल कार्यालयों में जन्म प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ होने से मामला उलझ गया है। नगर निगम मुख्यालय में जमा आवेदन को अंचलों में भेजने के नाम पर विलंबित किया जा रहा है। जन्म प्रमाणपत्र का भी मामला उलझ गया है। कंकड़बाग के व्यक्ति का कुर्जी होली फेमिली अस्पताल में बच्चा पैदा होने पर नूतन राजधानी अंचल नहीं बना रहा है। सत्यापन पर मामला उलझ गया है। इसी तरह से मृत्यु प्रमाणपत्र पर मामला उलझ गया है। कंकड़बाग अंचल के व्यक्ति का दाहसंस्कार बांसघाट में होता है तो एक रजिस्टर के कारण सभी अंचलों में नहीं जा पा रहा है। मृत्यु प्रमाणपत्र का मामला भी उलझ गया है।