विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पितृपक्ष मेला 2026: विष्णुपद और पुनपुन में निर्बाध बिजली की व्यवस्था, 24x7 मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम चालू

Published: Fri, 25 Sep 2026 07:56 AM (IST)

पितृपक्ष मेला के लिए विष्णुपद और पुनपुन में निर्बाध बिजली आपूर्ति के विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिसमें 24x7 निगरानी और सुरक्षा उपायों पर जोर दिया गया है।

पितृपक्ष मेला 2026

पितृपक्ष मेला 2026

HighLights

  1. बिजली व्यवस्था की विशेष निगरानी और पर्याप्त कर्मियों की तैनाती।

  2. विष्णुपद और पुनपुन में अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए।

  3. विद्युत सुरक्षा हेतु पोलों पर डाइइलेक्ट्रिक पेंट, नंगे तार बदले।

राज्य ब्यूरो, पटना। पितृपक्ष मेला के दौरान पिंडदान व तर्पण स्थलों पर बिजली व्यवस्था की विशेष मानीटरिंग की जाएगी। संबंधित मार्गों पर भी बिजली की उपलब्धता की मानीटरिंग होगी। बिजली कंपनी ने इसके लिए पर्याप्त संख्या में अभियंताओं व तकनीकी कर्मियों की तैनाती की है। 

विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विष्णुपद मंदिर के समीप एक अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में 20 छोटे नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेंगे।

विद्युत पोलों पर डाइइलेक्ट्रिक पेंट कराया गया

विद्युत व्यवस्था की सतत निगरानी एवं विभिन्न टीमों के बीच बेहतर समन्वय के लिए पहली बार मेला क्षेत्र में वाकी-टाकी संचार व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से पदाधिकारी एवं कर्मी आपस में तत्काल संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई कर सकेंगे। आपात स्थिति में त्वरित विद्युत बहाली के लिए चार मोबाइल वैन पर ट्रांसफार्मर चार्ज अवस्था में तैयार रखे जाएंगे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विद्युत सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। विद्युत पोलों पर डाइइलेक्ट्रिक पेंट कराया गया है, जिससे विद्युत स्पर्शाघात की संभावना को कम किया जा सके। 

निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित बहाली के लिए दो 33 केवी स्रोतों-मानपुर एवं चंदौती से डंडीबाग विद्युत उपकेंद्र के दो पावर ट्रांसफार्मरों तथा दो 11 केवी फीडर-टाउन-2 ओल्ड एवं टाउन-2 न्यू को अलग-अलग जोड़कर वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था तैयार रखी गई है।

पुनपुन में भी व्यापक विद्युत व्यवस्था

पुनपुन पितृपक्ष मेला क्षेत्र में भी निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। कूड़ा नवादा पावर सब-स्टेशन (पीएसएस) को दो 33 केवी स्रोतों-33 केवी परसा बाजार एवं 33 केवी कूड़ा नवादा से जोड़ा गया है। 

वैकल्पिक व्यवस्था के तहत 11 केवी पुनपुन टाउन फीडर को विद्युत शक्ति उपकेंद्र, परसा बाजार में अधिष्ठापित डेडिकेटेड 5 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित कर लोड बैलेंसिंग की व्यवस्था की गई है। 

विद्युत सुरक्षा के दृष्टिकोण से नंगे तारों को कवर्ड कंडक्टर, एबी केबल एवं अंडरग्राउंड केबल से बदला गया है। साथ ही विद्युत पोलों एवं ट्रांसफार्मरों की आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

24 गुना सात निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध 

साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को 24 गुना सात निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए बिजली कंपनी के अभियंता, अधिकारी एवं कर्मी पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे।

यह भी पढ़ें- Pitru Paksha 2026: अगस्त्य मुनि के तर्पण के साथ आज से शुरू होगी पितृपक्ष की तैयारी, कल से पितरों का तर्पण