दीघा-आर ब्लॉक सिक्स लेन सड़क पर यू-टर्न बनाने के लिए अड़े महेशनगर के लोग
दीघा-आर ब्लॉक सिक्स लेन सड़क को जाम कर शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने की थी आगजनी समर्थन में पूर्व सांसद पप्पू यादव भी मौके पर पहुंचे थे इधर पथ निर्माण विभाग के अधिकारी बोले यू-टर्न से बढ़ेगी दुर्घटना फुटओवर ब्रिज का प्रावधान
पटना, जागरण संवाददाता। दीघा-आर ब्लॉक सिक्स लेन सड़क की मुख्य लेन पर महेश नगर में यू-टर्न की मांग तेज होने लगी है। इसे राजनेताओं का भी साथ मिल रहा है। हालांकि इससे सिक्स-लेन सड़क पर नो रेड लाइट के कांसेप्ट पर असर पड़ सकता है। यह रोड बिना किसी अवरोध के सुचारू यातायात के दृष्टकिोण से बनाया गया है। महेशनगर में यूट टर्न बनाने को लेकर स्थानीय लोगों ने शुक्रवार की सुबह से लेकर शाम तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने रेलिंग को हटाकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रशासन आम लोगों की सभी शंकाओं का समाधान करने में जुटा है।
सड़क से गुजर रहे वाहनाें को लौटाते रहे लोग
विरोध कर रहे लोगों द्वारा आने-जाने वाले वाहनों को वापस लौटा देने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम पांच बजे तक प्रशासन की ओर से वार्ता के लिए किसी के नहीं पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने आगजनी भी की। बाद में पुलिस ने पहुंच कर सभी को हटा दिया। स्थानीय लोगों के समर्थन में पूर्व सांसद व जाप अध्यक्ष पप्पू यादव भी पहुंचे। उन्होंने बीएसआरडीसी के डीजीएम रणेंद्र कुमार से बात कर यू-टर्न की मांग दोहराई। डीजीएम ने कहा कि यू-टर्न होने से दुर्घटनाएं बढ़ेंगी। लोगों की सुविधा के लिए महेश नगर में पहले से ही फुट ओवरब्रिज का प्रावधान है।
लोगों के सवाल पर प्रशासन का जवाब :
सवाल : पहले से यू-टर्न था, लेकिन अब इसे हटा दिया गया।
जवाब : यू-टर्न पहले से निर्धारित नहीं था। अब कार्य पूरा होने से पहले सभी चीजों को निर्धारित मापदंड के अनुसार पूरा कराया जा रहा है।
-----
सवाल : यू-टर्न नहीं होने से लोगों को आने-जाने में दो किमी का चक्कर लगाना पड़ेगा।
जवाब : यू-टर्न होने से दुर्घटना व जाम की समस्या बढ़ेगी। महेशनगर से महज 700 मीटर पर शिवपुरी फ्लाईओवर है। पैदल राहगीरों के लिए महेशनगर में ही फुटओवर ब्रिज बनाए जा रहे हैं। यहां बच्चे-बूढ़ों के लिए लिफ्ट भी लगी होगी।
----
सवाल : एप्रोच पथ में जाम की समस्या बढ़ेगी।
जवाब : अब निश्चित स्थान पर कट होने से ज्यादा लोग अपने पास के ओवरब्रिज या कट से उतरेंगे। इससे जाम कम लगेगा। पूर्व की सब्जी मंडी को व्यवस्थित कर दूसरे स्थान पर ले जाने की भी कवायद चल रही है।