बेरहमी से पिटाई के बाद लगाया करंट, युवती का शव देख रो पड़े लोग
पति के अवैध संबंध की वजह से नई ब्याहता युवती की बेरहमी से पिटाई की गई और फिर बिजली का करंट लगाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। उसका शव देखकर लोगों का कलेजा दहल गया।
भागलपुर [जेएनएन]। टीएनबी कॉलेज के अर्थशास्त्र अंतिम वर्ष की छात्रा नेहा कुमारी (24) को पहले बेरहमी से पीटा गया फिर करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी गई। मृतका के गले, कान व चेहरे पर जख्म के निशान हैं। करंट लगाए जाने के कारण कलाई पर गहरे गड्ढे हो गए हैं।
कमरे की दीवारों और पलंग पर कई जगह खून के निशान थे। नेहा बांका जिले के ककबारा की रहने वाली थी। फिलहाल वह भीखनपुर के एसएस सहाय रोड स्थित संप्रति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 101 में कहलगांव के गंगानगर निवासी अपने पति दिनेश रजक, जेठ और जेठानी के साथ रह रही थी।
लड़की के परिवारवालों के बयान पर मामला दर्ज कर पति दिनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। नेहा के पिता व भाई ने पति के अलावा जेठ मनोज व जेठानी जूली पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत नेहा को मौत के घाट उतार दिया गया। दिनेश एलआइसी में सीओ के पद पर कार्यरत है।
इधर, नेहा के पति ने बताया कि भैया मां को दिखाने एनटीपीसी गए थे। भाभी को वे जवारीपुर स्थित उनके मायके छोड़ गए थे। घर में नेहा अकेली थी। जब मैं पहुंचा तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। नॉक करने के बाद भी गेट नहीं खुला। अनहोनी की आशंका होने पर लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया।
अंदर प्रवेश करने पर देखा कि बेडरूम में नेहा की क्षत-विक्षत लाश पड़ी थी। पति के मुताबिक नेहा लाइट ठीक कर रही थी। तभी उसे करंट लग गया।
वहीं, नेहा के भाई पीयूष उर्फ छोटू ने बताया कि नेहा के पति दिनेश के उसकी जेठानी जूली की बहन से संबंध थे। वे लोग अक्सर फ्लैट में मिलते-जुलते थे। दिनेश अपनी प्रेयसी के सामने अक्सर उसकी बहन को नीचा दिखाया करता था। परिस्थितिजन्य साक्ष्य के अनुसार पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रही है।